एनएच-दो पर हुआ हादसा
घटना से छोटकी बेला में मातम का माहौल
औरंगाबाद नगर : रविवार को नगर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राज मार्ग-दो स्थित फारम पर सड़क दुर्घटना में स्वास्थ्य विभाग के चपरासी नेपाली सिंह की मौत हो गयी. वह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छोटकी बेला गांव के रहने वाले थे. फिलहाल, सदर प्रखंड के अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, नौगढ़ में पदस्थापित थे. रविवार को किसी काम से मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अपने घर से साइकिल पर सवार होकर जा रहे थे. जैसे ही फारम एरिया के पास पहुंचे कि एक बाइक सवार ने नेपाली सिंह को धक्का मार दिया, जिससे वह जख्मी होकर सड़क पर गिर गया.
आसपास के लोगों ने जख्मी हालत में उन्हें तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल ऑटो से भेजा, लेकिन अस्पताल आने के क्रम में ही उनकी मौत हो गयी. इसके बाद सदर अस्पताल के कर्मचारियों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी. सूचना पाकर गांव से परिजन पहुंचे. वहीं, नेपाली सिंह की मौत हो जाने पर परिजन सदर अस्पताल में दहाड़ मारकर रोने चिल्लाने लगे. परिजनों का कहना था कि घर का मात्र यही एक कमाऊ सदस्य थे.
इधर, नगर थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम कराने के उपरांत परिजनों को सौंप दिया. नेपाली सिंह की मौत के बाद छोटकी बेला गांव में मातम का माहौल कायम हो गया है. पुलिस धक्का मारने वाले बाइक चालक की पहचान में जुटी हुई है.
