औरंगाबाद नगर : यूपी के नेता दयाशंकर सिंह को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिये जाने के विरोध में रविवार को क्षत्रिय सेना के कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री व बसपा कार्यकर्ता नसीमुद्दीन का पुतला फूंका. इसके पूर्व क्षत्रिय सेना के अध्यक्ष रंजन कुमार सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता पुतला लेकर शहर में प्रदर्शन करते हुए रमेश चौक पहुंचे व पुतला फूंका. अध्यक्ष रंजन कुमार सिंह ने कहा कि राजनीतिक पार्टियों को अब समझ लेना चाहिए कि राजपूत समाज के लोग चूड़ियां नहीं पहनी हैं. यदि उत्तर प्रदेश की पुलिस बसपा नेता नसीमुद्दीन को गिरफ्तार नहीं करती है,
तो क्षत्रिय सेना के लोग सड़क पर उतर कर उग्र आंदोलन करेगी. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश कुमार अविलंब नसीमुद्दीन को गिरफ्तार करे, वरना यूपी व बिहार सहित पूरे देश में आंदोलन किया जायेगा. सचिव प्रकाश रंजन गुप्ता ने कहा कि जात-पात की राजनीति नहीं चलेगी. हर हाल में नसीमुद्दीन को गिरफ्तार करना होगा. साथ ही दयाशंकर सिंह को बिना शर्त रिहा करना होगा. मायावती व अखिलेश यादव राजपूत विरोधी हैं.
आदित्य नारायण ने कहा कि क्षत्रिय सेना कोई राजनीतिक पार्टी नहीं है, बल्कि एक सामाजिक संगठन है. जिस तरह दयाशंकर सिंह को गिरफ्तार किया गया है, उसी तरह नसीमुद्दीन को गिरफ्तार किया जाये. पुतलादहन में नंदन सिंह, मितेंद्र सिंह, मनीष कुमार, आशुतोष कुमार, राहुल सिंह, सूरज कुमार, सुजीत कुमार सिंह, कौशल सिंह व मोनू कुमार सहित दर्जनों लोग शामिल थे.
