पहल. प्रभात खबर के ‘बेटी बचाओ’ अभियान की प्रशंसा
वक्ताओं ने की भ्रूण हत्या रोकने की अपील
मदनपुर : बेटी होने पर खुशियां मनाएं. बेटी है, तो घर चहल-पहल है. बेटी गंगाजल की तरह पावन है. बेटियां समाज को प्यार देकर स्वर्ग की अनुभूति कराती हैं. ये बातें महुआंवा पंचायत के मध्य विद्यालय, प्राणपुर में प्रभात खबर के ‘बेटी बचाओ’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहीं. कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख रीना देवी, जिला पार्षद शंकर यादवेंदु, बीडीओ अतुल प्रसाद, सीओ अजीत कुमार, जदयू प्रखंड अध्यक्ष अनुज सिंह व पीओ शारदा नंदन सिंह ने संयुक्त रूप से दीप जला कर किया. प्रभात खबर के ‘बेटी बचाओ’ कार्यक्रम की अध्यक्षता गोपाल सिंह व संचालन बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के राज्य पार्षद राकेश यादव ने किया.
प्रमुख रीना देवी ने कहा कि समाज के हर लोगों की सोच बदलने की जरूरत है. तभी हमारी बेटियां आगे बढ़ सकती हैं. देश व समाज का विकास भी तभी संभव है, जब हमारे घर की बेटियां अपने कर्तव्य व अधिकार को जानेंगी. उन्होंने प्रभात खबर की यह पहल की सराहना की और लोगों से भ्रूण हत्या रोकने की बातें कहीं. बीडीओ अतुल प्रसाद ने कहा कि बेटी का महत्व बेटों से अधिक है. प्रभात खबर से मेरा लगाव बचपन से है. इसके न्यूज में सामाजिक सरोकार के साथ सच्चाई भी रहती है. बेटी बचाओ अभियान महत्वपूर्ण कदम है.
जैसे ही हमें खबर मिली कि प्रभात खबर द्वारा आयोजित बेटी बचाओ कार्यक्रम में हमें बुलाया गया है, तो मैं अपने-आप को रोक नहीं पाया. समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने में यह पहल निर्णायक सिद्ध होगा. आज समाज के लोग विपरीत दिशा में जा रहे हैं. जिन घरों में महिलाओं की इज्जत नहीं होती है, वह घर, घर नहीं रहता, बल्कि नरक हो जाता है. सीओ अजीत कुमार ने कहा कि बेटियों को बचाने के लिए चलाया गया यह
अभियान सराहनीय है. बेटियां ही हमें पिता होने का अहसास कराती है. बेटी को समाज में उच्च दर्जा प्राप्त हो और उनको मान सम्मान मिले, इसके लिए लोगों का शिक्षित होना जरूरी है. पीओ शारदानंदन सिंह ने कहा कि प्रभात खबर को सामाजिक सरोकार से जुड़ी बातों पर मुहिम चला कर लोगों को जागरूक करने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद. आज के परिवेश में हमलोगों को सोच बदलने की जरूरत है. लड़कियों को गर्भ में ही मार दिया जा रहा है,
जो किसी मायने में सही नहीं है. इसका जिम्मेवार कौन है? प्रभात खबर अखबार के माध्यम से लोगों को यह बताना चाह रहा है कि बेटियां पावन गंगाजल की तरह है. जिला पार्षद शंकर यादवेंदु ने कहा कि एक बेहतर समाज निर्माण के लिए प्रभात खबर की यह पहल अपने आप में बेमिसाल है. यह जन आंदोलन का रूप ले रहा है. इसके लिए इस मुहिम से जुड़े सभी लोगों को मैं धन्यवाद देना चाहता हूं कि इस तरह की पहल कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है. जब हम आप सुधरेंगे, तो अपने आप बेहतर समाज का निर्माण होगा. आज बेटियों को शिक्षित करो तो,
घर शिक्षित होगा. जदयू प्रखंड अध्यक्ष अनुज सिंह ने कहा कि लोग लड़कियों से ज्यादा लड़का होने पर खुशी मनाते हैं. मां का हाथ बंटाने वाली बेटी ही होती है. महिलाओं को सोच बदलना होगा. बेटी होने पर भी खुशी मनाएं. कुंदन कुमार सिंह ने कहा कि प्रभात खबर की पूरी टीम को धन्यवाद जो इस कार्यक्रम को पंचायत स्तर पर चला कर लोगों को जागरूक कर रहा है. आज बेटियों को गर्भ में मारा जा रहा है, इसकी मुख्य वजह गरीबी व अशिक्षा है.
उन्होंने कहा कि बेटी के बिना घर-आंगन सूना लगता है. मुखिया राजेश कुमार ने कहा कि बेटी को बचाओ, नहीं तो घर-आंगन सुन रह जायेगा. इस मौके पर कामेश्वर सिंह, संजय सिंह, विपिन सिंह, अमित रंजन, राम पुकार सिंह, रामजन्म सिंह, रामप्रवेश सिंह, यमुना सिंह, जगनारायण सिंह, रामाश्रय सिंह, कृष्णमुरारी सिंह, वीरेंद्र यादव आदि मौजूद थे.
