टिकारी मुहल्ले में खुलेगा अत्याधुनिक मशीनों से लैस आंखों का अस्पताल

पहले साल दो हजार लोगों के नि:शुल्क ऑपरेशन का लक्ष्य समय-समय पर विदेशी डॉक्टर भी देंगे रोटरी के इस अस्पताल में सेवा औरंगाबाद (ग्रामीण) : आंख की बीमारी से ग्रसित लोगों के लिए एक खुशखबरी है. अब औरंगाबाद जिले के लोगों को आंख के ऑपरेशन व जांच के लिए जिले से बाहर या अन्य राज्यों […]

पहले साल दो हजार लोगों के नि:शुल्क ऑपरेशन का लक्ष्य

समय-समय पर विदेशी डॉक्टर भी देंगे रोटरी के इस अस्पताल में सेवा
औरंगाबाद (ग्रामीण) : आंख की बीमारी से ग्रसित लोगों के लिए एक खुशखबरी है. अब औरंगाबाद जिले के लोगों को आंख के ऑपरेशन व जांच के लिए जिले से बाहर या अन्य राज्यों में नहीं जाना पड़ेगा. क्योंकि, अब शहर में ही आंखों के समुचित इलाज की व्यवस्था होने जा रही है. इसका बीड़ा उठाया है समाजसेवी संस्था रोटरी क्लब ने.
संस्था ने अस्पताल खोलने की तैयारी भी शुरू कर दी गयी है. संभवत: इसी माह यानी जून के आखिरी तक अस्पताल का शुभारंभ भी हो जायेगा. इस अस्पताल के लिए बाहरी मदद भी मिली है और इसका नाम रोटरी औरंगाबाद एंड सिंगापुर आइ हॉस्पिटल रखा गया है. जानकारी के अनुसार, शहर के टिकरी मुहल्ला स्थित पुरानी गैस एजेंसी के भवन में आंख अस्पताल का शुभारंभ होगा.
रोटरी औरंगाबाद के अध्यक्ष महमूद आलम ने बताया कि बिहार में बक्सर व औरंगाबाद का चयन आंखों के अस्पताल के लिए किया गया था. लगभग डेढ़ करोड़ रुपये अस्पताल पर खर्च किये जायेंगे. पहली किस्त के रूप में 54 लाख रुपये अस्पताल को मिलेंगे. इसी रुपये से काम शुरू होगा. औरंगाबाद शहर में अस्पताल खोलने में बिहार-झारखंड के डिस्ट्रिक गर्वनर व औरंगाबाद की ही रहनेवाली डाॅ बिंदू सिंह ने अहम भूमिका निभायी है.
उन्होंने औरंगाबाद को नजदीक से जाना है और फिर यहां अस्पताल खोलने की प्रक्रिया में अपना योगदान दिया. अस्पताल की व्यवस्था से संबंधित जानकारी देते हुए महमूद आलम ने बताया कि जिले के लिए रोटरी औरंगाबाद एंड सिंगापुर आइ हॉस्पिटल मील का पत्थर साबित होगा. रोटरी औरंगाबाद वेलफेयर ट्रस्ट से संचालित इस आंखों के अस्पताल को अत्याधुनिक मशीनों से लैस किया जायेगा. ग्लूकोमा की जांच के लिए यहां के लोग पटना जाते थे या आंखों से संबंधित बीमारियों के इलाज व ऑपरेशन के लिए अन्य राज्यों की ओर रूख करते थे.
लेकिन, अब इस समस्या से लोगों को छुटकारा मिलेगा. बेहतर चिकित्सक अपनी सेवा देंगे, वह भी नि:शुल्क. विदेशी डॉक्टर भी समय-समय पर अपनी सेवा देंगे. मरीजों का इलाज मामूली शुल्क पर होगा.
अध्यक्ष ने यह भी बताया कि अस्पताल शुभारंभ के बाद दो हजार लोगों का नि:शुल्क ऑपरेशन व लेंस लगाने का लक्ष्य नये वर्ष में रखा गया है. पोलियो उन्मूलन में अपनी अहम भूमिका निभाने के बाद रोटरी क्लब टीबी रोग को जड़ से मिटाने के लिए काम कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >