दाउदनगर : गोह प्रखंड सिघाड़ी गांव के ग्रामीणों ने बिजली तार बदलने की मांग की है. ग्रामीणों ने बताया कि बार-बार तार के टूट कर गिरने से गांव में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. ग्रामीण राकेश कुमार कश्यप ने कहा कि गली में कई जगह तार झूल रहा है. करंट से बचने के लिए हमलोगों ने कई जगह नीचे से बांस-बल्ली लगा कर तार को ऊंचा कर दिया है. फिर भी तार बार-बार टूट कर गली में गिर जा रहा है. यह तो महज संयोग है
कि कोई बड़ी घटना नहीं घट रही है. ग्रामीणों ने बताया कि हमलोगों ने इसकी शिकायत विद्युत विभाग के जेइ से की है, परंतु अभी तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है. इससे ग्रामीण काफी चिंतित रहते हैं. ग्रामीणों ने कहा कि हाल ही में नगाइन गांव के पास बिजली के करंट से एक व्यक्ति की मौत हो गयी. अगर, सिघाड़ी में बिजली का तार नहीं बदला गया, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
