औरंगाबाद (नगर) : आज के उपभोक्तावादी माहौल में िरश्ते से महत्वपूर्ण वस्तुएं हो गयी हैं. औरंगाबाद के कुटुंबा थाने के गोलगरिबा गांव में मोबाइल खराब होने से गुस्साये पिता ने अपने दुधमुंहें बच्चे को जमीन पर पटक दिया. मौके पर उसकी मौत हो गयी. इससे मां की ममता फफक पड़ी.
उसने थाने में पति के खिलाफ शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने मृत बच्चे के पिता अनिल पासवान को गिरफ्तार कर लिया. यह घटना की है.
जानकारी के अनुसार, अनिल पासवान का मोबाइल फोन खराब हो गया. गुरुवार की शाम घर लौट कर उसने परिजनों से इसके बारे में पूछताछ की, तो घरवालों ने बताया कि छोटा बेटा अनुज कुमार (सात महीना) मोबाइल से खेल रहा था. शायद उसी तभी मोबाइल खराब हो गया होगा.
इसी बात पर अनिल पासवान ने पत्नी देवंती देवी की गोद में खेल रहे सात माह के बेटे को छीन लिया और जमीन पर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गयी. घटना के बाद अनिल ने पत्नी व घरवालों को किसी से घटना का जिक्र नहीं करने की धमकी दी. लेकिन, चंद मिनट पहले तक अपनी गाेद में हंसते-खेलते बेटे देवंती देवी ने मायकेवालों को इसकी सूचना दे दी. शुक्रवार की सुबह देवंती के मायकेवाले गोलगरिबा पहुंचे और कुटुंबा थाने की पुलिस को मामले से अवगत करा दिया. घटना की सूचना पाकर थानाध्यक्ष सुभाष राय दल -बल के साथ गोलगरिबा पहुंचे और बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा. साथ ही, पुलिस ने आरोपित पिता अनिल पासवान को गिरफ्तार कर लिया. बच्चे की मां के बयान पर अनिल पासवान के खिलाफ बेटे की हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है.
