हादसा. सड़क पार करते वक्त बाइक ने मारी टक्कर
औरंगाबाद/अंबा : कुटुंबा थाना क्षेत्र के एनएच 139 पर सोमवार की सुबह बाइक की चपेट में आ जाने से ढूंढा निवासी मुनरदेव भुईयां के 10 वर्षीय पुत्र सुजीत कुमार की मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार, सुजीत गाय चराने के लिए गांव के समीप ही सड़क पार कर रहा था.
इस क्रम में वह एक बाइक की चपेट में आ गया. दुर्घटना के बाद बाइक चालक भाग निकला. स्थानीय लोग बालक को रेफरल अस्पताल कुटुंबा ले गये, जहां के चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण एनएच 139 पर आ गये और टायर रख कर सड़क को जाम कर दिया. सूचना पाते ही कुटुंबा बीडीओ मनोज कुमार, सीओ ठुइया उरांव, अंबा थानाध्यक्ष राजेश कुमार, कुटुंबा पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार दल बल के साथ पहुंचे.
सड़क जाम करनेवालों में महिलाओं की संख्या अधिक थी. वे हाथ में लाठी-डंडे के साथ काफी आक्रोशित थीं. प्रशासन के लाख समझाने के बाद भी वे सड़क से जाम हटाने को तैयार नहीं थे. महिलाओं का कहना था कि चालक स्थानीय है और उसकी गिरफ्तारी होनी चाहिए. करीब दो घंटे तक सड़क पूरी तरह जाम रहा. गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद करीब दो घंटे बाद जाम हटाया गया. इस क्रम में सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी.
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम औरंगाबाद में कराने के उपरांत परिजनों को सौंप दिया. इधर, बीडीओ ने मृतक के परिजनों को राजकीय प्रावधानों के अनुरूप 20 हजार रुपये दिया. कुटुंबा थानाध्यक्ष सुभाष राय ने बताया कि मृतक के पिता के आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर कर बाइक चालक की गिरफ्तारी की जायेगी.
