ओबरा में नशीला पदार्थ पीने से हुईं मौतों की जांच शुरू, पटना से पहुंची एफएसएल की टीम
ओबरा : ओबरा के डोमटोली मुहल्ले में नशीला पदार्थ पीने से दो लोगों की हुई मौत के बाद बुधवार को जांच करने के लिए पटना से एफएसएल की टीम पहुंची और दोनों के घरों में जाकर मृतकों के ब्लड (खून) व यूरिन (पेशाब) के सैंपल लिये. साथ ही मुखिया प्रत्याशी के घर से बरामद स्पिरिट की बोतल व शराब की खाली बोतल के भी सैंपल लिये और वापस पटना के लिए रवाना हो गयी. जांच टीम का नेतृत्व दाउदनगर पुलिस इंस्पेक्टर विंध्याचल प्रसाद ने किया.
गौरतलब है कि मंगलवार को ओबरा थाना मोड़ स्थित डोमटोली मुहल्ले के विजय डोम की मौत नशीले पदार्थ पीने से हो गयी थी. इस मामले में मुखिया प्रत्याशी शालिनी देवी व पति दीपू कुमार पर आरोप लगाया गया था कि मतदान की रात में उनके द्वारा कोल्ड ड्रिंक्स में नशीला पदार्थ मिला कर पिलाया गया था. मामले की गोपनीयता पूर्वक जांच की जा रही है. इस मामले में मृतक के परिजन के बयान पर ओबरा थाने में मुखिया प्र्रत्याशी शालिनी देवी व उसके पति दीपू कुमार पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट व एफएसएल टीम की जांच रिपोर्ट के बाद ही पूरा मामला स्पष्ट हो पायेगा.
