अग्निपीड़ितों की सहायता के लिए सांसद ने लोकसभा में उठायी आवाज
औरंगाबाद (सदर). स्थानीय सांसद सुशील कुमार सिंह ने औरंगाबाद जिले में लगातार हो रही अगलगी की घटनाओं पर प्रधानमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया है. सांसद ने लोकसभा में अगलगी की घटनाओं में गृहविहीन हो गये लोगों के आवास के लिए राशि उपलब्ध कराने की मांग को प्रमुखता से रखा.
सांसद ने लोकसभा अध्यक्षा सुमित्रा महाजन का ध्यानआकृष्ट कराते हुए प्रधानमंत्री से मांग की है कि बिहार में इन दिनों अगलगी की घटनाओं में एक साथ कई बस्तियां जल रही हैं.
ऐसे में अग्निपीड़ित पीड़ितों को सबसे ज्यादा जरूरत छत की है. इसलिए अग्निपीड़ित परिवारों को इंदिरा आवास योजना व प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राशि उपलब्ध कराने का प्रावधान किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा है कि आवास योजना के लिए बीपीएल सूची के अनुसार जो मानक तय किये गये हैं, उनमें काफी विसंगतियां हैं, जिसका नये सिरे से सर्वे कराने की भी जरूरत है, ताकि वास्तविक लोगों तक इस योजना का लाभ पहुंच सके.
श्री सिंह ने कहा कि अगलगी की घटना के बाद जब कोई पीड़ित परिवार से सांसद व अन्य जनप्रतिनिधियों से मिलने जाता है, तो वह सबसे पहले आवास की मांग करता है. ऐसी स्थिति में कोई भी जनप्रतिनिधि उनकी मांगों को पूरा करने में असमर्थ हो जाता है. इसलिए विसंगतियों को दूर करते हुए अाग से गृहविहीन हुए लोगों को आवास के लिए राशि उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाये.
