भीषण गरमी के कारण लोगों के पसीने छूट रहे हैं. लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रहीं है. मॉर्निंग स्कूल होने के बावजूद छुट्टी होने पर बच्चों को घर पहुंचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बच्चों को लू लगने का खतरा भी बढ़ गया है.
औरंगाबाद सदर : भीषण गरमी ने लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर दी है. चिलचिलाती धूप व लू के थपेड़ों के कारण घर से बाहर निकलना कठिन हो रहा है. पिछले कई दिनों से तापमान 42 डिग्री के आसपास रह रहा है. इसके कारण लोगों की पूरी दिनचर्या प्रभावित ही रही है. साथ ही स्कूली बच्चों की परेशानी भी बढ़ गयी है. सुबह होते ही तेज धूप व गरम हवा के चलने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. पर, गरमी को देखते हुए अब तक स्कूलों में छुट्टी नहीं की गयी है.
बच्चे भीषण गरमी में किताबों का बोझ कंधे पर लिए स्कूल जा रहे हैं. हर बार मई माह में स्कूलों में गरमी की छुट्टी होती है. परंतु, इस बार अप्रैल माह से ही तेज गरमी पड़ने के कारण मई माह का आभास होने लगा है. फिर भी शिक्षा विभाग बच्चों की परेशानी नहीं समझ रहा. अभिभावक भी परेशान हैं कि कहीं स्कूल से निकलने के बाद बच्चों को लू न लग जाये. हालांकि, कई निजी विद्यालय सुबह में चल रहे हैं.
फिर भी छुट्टी के वक्त दोपहर 12 बजे इतनी तेज धूप व लू चलने लगती है कि स्कूल से निकलने के बाद बच्चे भीषण गरमी की चपेट में आ जा रहे हैं. इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी विनोद कुमार सिन्हा से जब बात की गयी तो उन्होंने कहा कि फिलहाल स्कूलों में छुट्टी नहीं हो सकती है. विभागीय निर्देश मिलने पर स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की जायेगी.
