औरंगाबाद नगर : ऋण नहीं चुकाने पर औरंगाबाद शहर के फार्म एरिया स्थित बियाडा इंडस्ट्रीयल एरिया में चल रहे अमन फूड इंडस्ट्रीज को पंजाब नेशनल बैैंक के अधिकारियों ने दंडाधिकारी व पुलिस के समक्ष सील कर दिया.
जानकारी के अनुसार, अमन फूड इंडस्ट्रीज के संचालक मोहम्मद कलीमुद्दीन ने वर्ष 2011 में सूक्ष्म लघु व मध्यम उद्यम के लिए पीएनबी से 44 लाख 75 हजार रुपये का ऋण लिया था. ऋण चुकाने के लिए कलीमुद्दीन ने बैंक में सीसी व टर्म लोन के लिए दो खाते खुलवाये थे. फैक्टरी खोलने के बाद कलीमुद्दीन ने कभी भी समय पर ऋण की राशि का भुगतान नहीं किया.
ऋण बढ़ते-बढ़ते 50 लाख 78 हजार 732 रुपये तक पहुंच गया. बैंक ने ऋण चुकाने के लिए कई बार नोटिस दिया, लेकिन कलीमुद्दीन ने न तो कोई संतोषजनक जवाब दिया और न ही बैंक में ऋण जमा किया. कलीमुद्दीन ने फैक्टरी को भी बंद कर दिया. इसके बाद बैंक अधिकारियों ने डीएम व एसपी को फैक्टरी सील करने के लिए आवेदन दिया.
दोनों अधिकारियों ने दंडाधिकारी के रूप में सदर बीडीओ अजय कुमार प्रिंस व मुफस्सिल थाने की पुलिस को उपलब्ध कराया. इसके बाद दंडाधिकारी व पुलिसबल के साथ पीएनबी के अधिकारी बीके शर्मा फैक्टरी पहुंचे और उसे सील कर दिया. इधर, बैंक व प्रशासनिक अधिकारियों को फैक्टरी पहुंचते देख मोहम्मद कलीमुद्दीन ने अपने छोटे-छोटे चार बच्चों को छोड़ कर फरार हो गया.
