औरंगाबाद (नगर) : यदि वाहन मालिक अपना वाहन को सड़कों पर बिना नंबर अंकित किये चला रहे हैं तो सावधान हो जायें. परिवहन विभाग ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करने के लिए तैयार है. खास कर ट्रैक्टर के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है.
शुक्रवार को जिला परिवहन पदाधिकारी किशोरी चौधरी, मोटरयान निरीक्षक केके त्रिपाठी ने 23 वैसे ट्रैक्टर को जब्त किया है, जिस पर नंबर अंकित नहीं था. इससे संबंधित जानकारी देते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी किशोरी चौधरी ने बताया कि सड़कों पर बिना नंबर प्लेट की गाड़ियां धड़ल्ले से चल रही है, जिससे सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है. जब भी दुर्घटना जिले में घटती है तो वाहन का पता लगाने में काफी परेशानी प्रशासन को ङोलनी पड़ती है.
जिले की स्थिति यह है कि जो लोग कृषि के क्षेत्र में कार्य करने के लिए ट्रैक्टर की खरीदारी किये हैं, वे लोग सड़कों पर बालू, ईंट सहित अन्य सामान ढ़ोने में इस्तेमाल कर रहे हैं. यही नहीं ट्रैक्टर चलाने वाले लोग विभाग को किसी प्रकार का कोई टैक्स नहीं देते हैं. लेकिन, अब विभाग ने इनके विरुद्ध कार्रवाई करेगा.
