अपराधियों के जमावड़े से शाम में घर से निकलने में फिर कतराने लगीं महिलाएं
औरंगाबाद (ग्रामीण) : औरंगाबाद शहर में चोरी के बाद अब लूट की घटना भी बढ़ती जा रही है. अपराधियों की नजर अब वीआइपी इलाकों पर जाकर टिक गयी है. खासकर न्यू एरिया मुहल्ले के विभिन्न वार्डो में. वार्ड नंबर-12 के चितौड़ नगर मुहल्ले में बुधवार की देर शाम बासा बिगहा गांव की एक महिला के साथ मोटरसाइकिल सवार अपराधी ने लगभग एक लाख के जेवरात लूट लिये.
महिला अपनी बेटी के साथ अपने किराये के मकान में जा रही थी. घटना महेश एकेडमी स्कूल के पीछे घटी. इस घटना ने एक बार फिर वार्ड 12 के निवासियों को सशंकित कर दिया. वैसे यह इलाका वीआइपी क्षेत्र में गिना जाता है. सरकारी पदाधिकारी के अलावे कई बड़े व्यवसायी इस मुहल्ले में रहते हैं. इस घटना के पहले भी वार्ड 12 में कई लूट की घटना घटी. एक अभियंता की पुत्री को भी अपराधियों ने निशाना बनाते हुए सोने की चेन लूट ली थी.
कई बार देर शाम में ही बाजार से घर जा रहे महिलाओं के जेवरात चलते-चलते बाइक सवार अपराधियों ने गरदन से खिंच कर ले भागे थे. अब स्थिति यह हो गयी है कि शाम के बाद घर से निकलने में भी महिलाएं कतरा रही है. दूसरी बात यह है कि इस वार्ड में कई जगहों पर मनचले व असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है. हालांकि नगर थानाध्यक्ष सोना प्रसाद सिंह ने लोगों को आश्वस्त किया है कि पुलिस की पैनी नजर अपराधियों पर है.
