औरंगाबाद/कुटुंबा . कुटुंबा थाना क्षेत्र के बतसपुर निवासी कामेश्वरी सिंह के पुत्र अरुण कुमार सिंह की हत्या के मामले में थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. मृतक के भाई छोटू कुमार ने अज्ञात अपराधियों पर प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस को छोटू ने बताया है कि अरुण कुमार मंगलवार को ढ़ाई बजे माली थाना क्षेत्र के बरियावां मेला में गाय खरीदने के लिए गया था.
लौटने के क्रम में गांव से डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर बरियावां नहर के गांगो मांझी फॉल के करीब अज्ञात अपराधी ने गोली मार कर उसकी हत्या कर दी. पुलिस से बताया है कि कोई अनजान व्यक्ति सात बजे शाम के उसी रास्ते से मोटरसाइकिल से आ रहा था. उसने ही गांव वालों को घटना की सूचना दी. सूचना पाकर जब गांव वाले वहां पहुंचे, तो अरुण शव मिला. थानाध्यक्ष सुभाष राय ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है.
सूचना पाकर ही पहुंची पुलिस
हत्या की सूचना मिलते ही दुर्गम क्षेत्र होने के बाद भी मंगलवार की रात कुटुंबा थानाध्यक्ष सुभाष राय, अंबा थानाध्यक्ष अरुण कुमार व पुलिस पदाधिकारी पवन कुमार, बाल शरण मोची, पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. छानबीन कर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
