महिलाओं ने सात अवैध शराब भट्ठियों को किया ध्वस्त
औरंगाबाद (ग्रामीण) : मदनपुर में महिलाएं शराब बेचने व पीनेवालों पर आफत बन कर टूट पड़ीं. बुधवार को सैकड़ों महिलाएं हाथ में लाठी–डंडे लेकर शराब की सात अवैध भट्ठियों पर पहुंची.
उन्होंने वहां पर मौजूद सभी शराब की भट्ठियों को ध्वस्त करते हुए वहां रखीं शराब की हजारों पाउच को फेंक कर नष्ट कर दिया. इसके बाद शराब माफियाओं को खदेड़–खदेड़ कर पीटा. यह घटना मदनपुर थाना क्षेत्र के बंगला पर की है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बंगला पर गांव में शराब की कई अवैध दुकानें चल रही हैं. इसी गांव की महिलाएं इन अवैध शराब दुकानों से काफी समय से ही आक्रोशित थीं. बुधवार को सैकड़ों की संख्या में महिलाएं इकट्ठा हुईं. उन्होंने बारी–बारी से विजय चौधरी, धनंजय चौधरी, टिंकू चौहान, संजय चौधरी, मनोज चौधरी, नरेश चौधरी व विमल चौधरी सहित शराब का अवैध कारोबार कर रहे सात लोगों की दुकानों पर हमला बोल दिया.
इस दौरान दुकान में तोड़फोड़ की व शराब बनाने के उपकरण को तहस–नहस कर दिया. उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की.
शराबियों के विरुद्ध आंदोलन पर उतरी महिला चांदमुनी देवी, पिंकी देवी, बसंती देवी, शकुंतला देवी व शांति देवी ने चेतावनी देते हुए कहा कि शराब की बिक्री नहीं होगी. अब शराब बेचनेवालों पर पुलिस कार्रवाई करे या नहीं, हम सब खुद कार्रवाई करने में सक्षम हैं. शराब बेचने व पीनेवालों को किसी कीमत पर नहीं बख्शेंगे.
