झारखंड से पंजाब भेजी जा रही थी अफीम की खेप, पुलिस ने घेराबंदी कर कार और ऑटो को पकड़ा
जब्त मादक पदार्थ के साथ 22 हजार नकदी बरामद, एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्जफोटो नंबर-6- पुलिस गिरफ्त में तस्कर.
प्रतिनिधि, औरंगाबाद कार्यालयजिले की मुफस्सिल थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध एक बड़ी सफलता अर्जित की है. पुलिस ने देव मोड़ के समीप घेराबंदी कर एक ऑटो और एक कार से भारी मात्रा में डोडा बरामद की है. इस कार्रवाई में 96.600 किलोग्राम डोडा जब्त की गयी है. मौके से पुलिस ने दोनों वाहनों पर सवार चार तस्करों को भी गिरफ्तार किया है. पुलिस की इस सक्रियता को अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क पर एक बड़े प्रहार के रूप में देखा जा रहा है. इस मामले में 23 अप्रैल को मुफस्सिल थाने में कांड संख्या-167/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
एक आरोपित पंजाब के पटियाला जिले का है रहनेवाला
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पंजाब के पटियाला जिले के दिवाली कला निवासी जीत सिंह, बारूण थाना क्षेत्र के जोगिया निवासी मंजित कुमार एवं दुर्गा कुमार व भलुईया निवासी अजय सिंह के रूप में हुई है. मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से देव के रास्ते दो वाहनों के जरिये डोडा अफीम की एक बड़ी खेप गुजरने वाली है. इस सूचना के सत्यापन के बाद देव मोड़ के समीप तत्काल सघन जांच अभियान शुरू किया गया. बुधवार की मध्य रात करीब 12 बजे पुलिस ने एक संदिग्ध ऑटो और कार को रोककर उनकी तलाशी ली. गहन तलाशी के दौरान वाहनों के भीतर से 96 किलो 600 ग्राम डोडा बरामद हुआ.22 हजार 70 रुपये भी बरामद
पुलिस ने मौके पर ही दोनों वाहनों को जब्त कर चारों आरोपितों को हिरासत में ले लिया. तलाशी के दौरान तस्करों के पास से 22 हजार 70 रुपये भी बरामद किये गये हैं. प्रारंभिक पूछताछ के बाद पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क की पूरी आपूर्ति शृंखला (सप्लाइ चेन) खंगालने में जुटी है. पुलिस इस मुख्य बिंदु पर जांच कर रही है कि यह खेप झारखंड के किस इलाके से लायी गयी थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था. अधिकारियों के अनुसार, जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ हाल के दिनों में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है. इतनी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों की बरामदगी किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता की ओर स्पष्ट इशारा करती है.गौरतलब है कि इसी माह दो अप्रैल को उत्पाद विभाग की टीम ने कुटुंबा प्रखंड के एरका चेक पोस्ट के समीप एक कंटेनर से करीब एक करोड़ रुपये मूल्य का 3866.10 किलो डोडा बरामद किया था. इसके अतिरिक्त, अंबा थाना क्षेत्र में भी एक हाइवा ट्रक से 5.30 क्विंटल गांजा पकड़ा गया था. जिले में लगातार हो रही इन बरामदगियों ने पुलिस प्रशासन को हाई अलर्ट पर कर दिया है. पुलिस का मानना है कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के बाद इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य सफेदपोश चेहरों का भी खुलासा हो सकता है. फिलहाल पुलिस आरोपितों को जेल भेजने की प्रक्रिया में जुटी है.
