औरंगाबाद : नगर थाना क्षेत्र के सोशल क्लब के समीप वाहन के धक्के से एक व्यक्ति घायल हो गया. घायल व्यक्ति विजय कुमार शहर के श्रीकृष्ण नगर के दिवाकर कॉलोनी वार्ड 20 के निवासी है. वह मंगलवार की शाम खरीदारी करने बाजार गये थे.
वापस लौटने के क्रम में सोशल क्लब के समीप एक वाहन ने धक्का मार दिया. इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया. आसपास के लोग तत्काल वहां पर इकट्ठा हो गये और धक्का मारने वाले वाहन को पकड़ लिया, फिर घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाने के लिए उसी वाहन पर लाद दिया और खुद पीछे से अस्पताल जाने लगे. लेकिन वाहन चालक ने रास्ते में साई मंदिर के पास घायल को सड़क किनारे उतार दिया और फरार हो गया.
लोगों की फिर नजर पड़ी तो किसी तरह रिक्शा के सहारे सदर अस्पताल पहुंचाये. यहां प्राइमरी इलाज के बाद गंभीर स्थिति देखते हुए रेफर कर दिया. लोगों ने आरोप लगाया कि जिस गाड़ी से उन्हें धक्का लगा है वह गाड़ी जिला प्रशासन की है. लोगों ने कार्रवाई करने की मांग की. घटना की सूचना पाकर वार्ड पार्षद धर्मेंद्र शर्मा, राकेश कुमार उर्फ देवता, सुनील शर्मा, अत्येंद्र कुमार समेत अन्य पहुंचे और घटना की जानकारी ली.
