मदनपुर (औरंगाबाद) : थाने के झिकटिया गांव स्थित एक ईंट भट्ठे के समीप विद्युत करंट की चपेट में आकर दो महिलाओं की मौत हो गयी. यह घटना सोमवार की शाम में घटी है. दोनों महिलाएं ईंट भट्ठे पर मजदूरी का काम करती थी. इनमें एक मीना देवी जहानाबाद जिले के बथानी थानांतर्गत कोसैला गांव की रहने वाली थी. दूसरी बबिता कुमारी गया जिले के बेला थाना अंतर्गत गोविंदपुर गांव की रहने वाली थी. दोनों मृतकों के शव को मदनपुर पुलिस ने कब्जे में कर औरंगाबाद में पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है.
मिली जानकारी के अनुसार ईंट भट्ठा के समीप पौधे की एक नर्सरी लगी हुई थी जिसे लोहे के कांटेदार तार से घेरा गया है. ठीक उसके ऊपर से विद्युत प्रवाहित तार गुजरी हुई है. उसी नर्सरी में एक चापाकल लगा हुआ है, जिसके पानी से ईंट भट्ठा के मजदूर प्यास बुझाते हैं. मीना देवी और बबिता कुमारी पानी लाने जैसे ही कांटेदार तार को पार करना चाही वैसे ही विद्युत करंट की चपेट में आ गयी. थोड़े ही देर बाद दोनों की मौत हो गयी. बताया जाता है कि कुछ समय पहले तूफान से विद्युत तार टूट कर कांटेदार तार पर गिर गया था. इसकी जानकारी दोनों मृतकों को नहीं थी.
