औरंगाबाद (ग्रामीण) : सोमवार से समाहरणालय के समीप शराब दुकान हटाने को लेकर आमरण अनशन पर बैठी देवरिया जगदीशपुर निवासी मंजु देवी की हालत मंगलवार को बिगड़ गयी. इसके विरोध में शहर के सैकड़ों लोगों ने प्रशासन के विरुद्ध आक्रोशित नारे लगाये और प्रदर्शन किया.
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि एक अकेली महिला न्याय के लिए गुहार लगा रही है और प्रशासनिक पदाधिकारी तमाशा देख रहे है. इधर प्रदर्शन के दौरान अनशन स्थल के समीप जाम का नजारा उत्पन्न हो गया.
उत्पाद अधीक्षक सुधीर कुमार झा ने आनन-फानन में मामले की जांच करने की बात कही, तब जाकर प्रदर्शनकारी शांत हुए. प्रदर्शनकारियों के जाने के उपरांत भी महिला अपनी मांगों को लेकर बैठी रही. कहा कि, कार्रवाई होने तक अनशन जारी रहेगा.
चिकित्सक ने की जांच
अनशन पर बैठी महिला मंजु देवी की हालत अचानक बिगड़ने के बाद आनन-फानन में सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ प्रेम कुमार चिकित्सकीय टीम के साथ आमरण अनशन स्थल पहुंचे व महिला की स्वास्थ्य जांच की. चिकित्सक ने मंजु देवी को सदर अस्पताल में भरती कर इलाज करने की बात कही. लेकिन महिला ने साफ इनकार कर दिया. कहा कि, जो होगा यही होगा. जब तक हमारी मांगे नहीं मानी जाती है, तब तक आमरण अनशन जारी रहेगा.
इधर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, गोकुल सेना, भाकपा माले व अन्य समाजसेवी संगठन ने मंजु देवी के आमरण अनशन का समर्थन किया है. अभाविप नेता उज्जवल कुमार, दीपक कुमार, हिंदू युवा के अनिल कुमार सिंह, गोकुल सेना के संजीव कुमार, भाकपा माले के नीरज सिंह, संजय गुप्ता, गोपाल सिंह, राम औतार सिंह व अन्य समाजसेवी आमरण अनशन स्थल पर पहुंच कर महिला के हौसले के बढ़ाया. उन्हें अपनी समर्थन की बात कही. महिला की हालत बिगड़ने के उपरांत अभाविप नेताओं ने कहा कि प्रशासन की उपेक्षापूर्ण नीति से आम अवाम परेशान है.
दो दिनों से महिला अनशन पर बैठी है,लेकिन किसी पदाधिकारी ने सुधि नहीं ली. अगर महिला की बात नहीं मानी गयी तो सड़क जाम कर प्रदर्शन किया जायेगा. गोकुल सेना ने कहा है कि 24 घंटे के भीतर देवरिया जगदीशपुर से शराब दुकान नहीं हटाया गया तो चक्का जाम आंदोलन चलाया जायेगा. भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने भी आंदोलन की बात कही. इधर, महिला को आमरण अनशन पर बैठे 40 घंटे से अधिक हो गये. लेकिन किसी भी पदाधिकारी ने महिला से बात तक नहीं की.
