औरंगाबाद कार्यालय : चुनाव प्रचार के अंतिम दिन भाजपा ने रोड शो कर अपना चुनाव प्रचार को हाइटेक बना दिया. मंगलवार को सिंह कोठी से बड़ी संख्या में वाहनों के साथ रोड शो निकली गयी. औरंगाबाद के भाजपा प्रत्याशी सुशील कुमार सिंह अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ थे. कार्यकर्ता भाजपा जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे.
ध्वनि विस्तारक यंत्र से पार्टी के पक्ष में प्रचार प्रसार भी हो रहे थे. यह रोड शो औरंगाबाद शहर से होते हुए शिवगंज, वार, रफीगंज से होते हुए आती, कोच, टिकारी, पंचानपुर, इमामगंज तक गयी. इस बीच कई स्थानों पर भाजपा प्रत्याशी मतदाताओं से मिले और उनसे नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की.उन्होंने यह भी कहा कि यह चुनाव भ्रष्टाचार व महंगाई के विरुद्ध लड़ी जा रही है. इसमें जात-पात, धर्म,संप्रदाय से उठा कर मतदान करें, मुझे इतनी शक्ति दें कि जब नरेंद्र मोदी की सरकार केंद्र में बने तो औरंगाबाद संसदीय क्षेत्र की जो भी समस्याएं हैं उसे मैं समाधान कर सकूं. उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि देश की युवा में बड़ी शक्ति है.
यहां भी आपका उत्साह देख कर मुझे आभास हो रहा है कि भाजपा एक बड़ी जीत की तरफ अग्रसर हो रही है. ग्रामीण क्षेत्र के किसानों से मिल कर उन्होंने कहा कि हर खेत में पानी पहुंचाने के लिए आप हमें संसद भेज कर एक अवसर दें. आपका विश्वास को टूटने नहीं दूंगा. रोड शो में लोजपा जिला अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, दलित सेना अध्यक्ष अजय पासवान, राकेश कुमार सिंह, राज कुमार सिंह, रवि सिंह, आशु कुमार,अश्विनी कुमार सिंह व मनोज सिंह भी थे.
