कोनी कुटी एनएच-139 पर शुक्रवार को तेज रफ्तार थार की चपेट में आने से 9 वर्षीय बच्ची की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गयी. मृतका की पहचान कोनी कुटी निवासी धनंजय राम उर्फ चवन्नी की 9 वर्षीय पुत्री रागिनी कुमारी के रूप में हुई है. हादसे के बाद चालक थार छोड़कर मौके से फरार हो गया.
तेज रफ्तार थार ने बच्ची को मारी जोरदार टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मेहंदिया से औरंगाबाद की ओर तेज रफ्तार से जा रही थार ने सड़क किनारे खड़ी रागिनी को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गयी. हादसे के बाद चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और थार सड़क किनारे स्थित एक गुमटी में जा घुसी. दुर्घटना में गुमटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी.
हादसे के बाद थार छोड़कर फरार हुआ चालक
बच्ची को टक्कर मारने के बाद थार चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गये. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त थार को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है.
इकलौती बेटी की मौत से परिवार में मचा कोहराम
रागिनी अपने परिवार की इकलौती बेटी थी. उसके एक भाई भी हैं. बेटी की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मां समेत परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया.
मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया एनएच-139 जाम
हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों और परिजनों ने थार चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर एनएच-139 को जाम कर दिया. सड़क जाम होने से एनएच पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की.
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
सूचना मिलने पर मेहंदिया थाना अध्यक्ष मनोरंजन कुमार, अपर थाना अध्यक्ष राजेश कुमार और पुलिस अवर निरीक्षक रोहित राम दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया. इसी दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सुशील कुमार भी मौके पर पहुंचे.
बीडीओ ने परिजनों को दिया 20 हजार रुपये का चेक
बीडीओ सुशील कुमार ने मृतका के परिजनों को ढांढस बंधाया. उन्होंने पारिवारिक लाभ योजना के तहत तत्काल 20 हजार रुपये का चेक परिजनों को प्रदान किया. साथ ही अन्य सरकारी सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया.
आश्वासन के बाद एनएच-139 से हटा जाम
बीडीओ और थाना अध्यक्ष के आश्वासन के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने एनएच-139 को जाम से मुक्त कर दिया. पुलिस ने थार को जब्त कर लिया है. वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए अरवल भेज दिया गया है. फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.
