Arwal News : अरवल जिले के कोचहासा गांव में शादी कर भागकर आए दो प्रेमी-प्रेमिका को सरपंच ने समझा-बुझाकर उनके परिजनों को सौंप दिया. धानखा गांव (थाना नवीनगर, जिला औरंगाबाद) का एक युवक कोचहासा गांव स्थित अपने नाना मदन लाल के घर अपनी प्रेमिका प्रीति कुमारी को लेकर आया. इसकी खबर लगते ही लड़की के माता-पिता तथा लड़के के माता-पिता व परिजन वहां आ पहुंचे. मामला बिगड़ते देख लड़के की नानी और मामू ने दोनों प्रेमी-प्रेमिका को स्थानीय सरपंच के हवाले कर दिया.
सरपंच ने दोनों पक्षों को बुलाया
सरपंच प्रतिनिधि रामविनेश पासवान ने दोनों पक्षों के परिजनों को बुलाया और उनके सामने ही प्रेमी-प्रेमिका से पूछताछ की. इसमें शामिल लड़की के परिजन पलामू जिले के नयाबाजार थाना अंतर्गत नौडीहा गांव के रहने वाले हैं, जबकि लड़के के परिजन औरंगाबाद जिले के नवीनगर थाना अंतर्गत धानखा गांव के निवासी हैं. लड़के तथा लड़की ने बताया कि हम दोनों वर्षों से एक साथ काम करते हैं और उसी दौरान दोनों में प्रेम हो गया. उन्होंने बताया कि हम दोनों ने घर से भागकर शादी कर ली है और अब हम लोग एक साथ ही रहेंगे.
परिजनों की सहमति और आशीर्वाद
दोनों प्रेमी-प्रेमिका की बात सुनकर दोनों के माता-पिता राजी हो गए. लड़के की माता ने कहा कि हम अपने बेटा और बहू को अपने घर धानखा में रखेंगे. परिजनों की इस सहमति के बाद सरपंच ने दोनों को सुरक्षित उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया. इस अवसर पर पंचायत में जुटे दर्जनों लोगों ने दोनों नवदंपती को उनके सुखद भविष्य के लिए अपना आशीर्वाद दिया.
Also Read : जहानाबाद में दारोगा भर्ती परीक्षा, 8 केंद्रों पर उमड़ी अभ्यर्थियों की भीड़, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
