Arwal News: अरवल जिले के प्रभारी मंत्री एवं पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश और जिलाधिकारी अमृषा बैंस ने सोमवार को कलेर प्रखंड स्थित टेरी मध्य विद्यालय का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया. इस दौरान विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए गए.
कक्षाओं में पहुंचकर परखी पढ़ाई की गुणवत्ता
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री और डीएम ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर शिक्षकों द्वारा कराई जा रही पढ़ाई, विद्यार्थियों की उपस्थिति और शिक्षण व्यवस्था की गुणवत्ता का आकलन किया. उन्होंने छात्रों से अलग-अलग विषयों से जुड़े सवाल पूछकर उनकी शैक्षणिक तैयारी और सीखने की क्षमता भी परखी. निरीक्षण के दौरान जहां भी कमियां मिलीं, वहां संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.
बिजली, पेयजल और शौचालय व्यवस्था की भी हुई जांच
विद्यालय परिसर में बिजली, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया. जिन स्थानों पर व्यवस्थाओं में कमी पाई गई, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द दूर करने का आदेश संबंधित विभागों को दिया गया. अधिकारियों से यह भी कहा गया कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर सरकार की प्राथमिकता
प्रभारी मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सरकारी विद्यालयों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने शिक्षकों से नियमित रूप से विद्यालय आने, पूरी निष्ठा के साथ शिक्षण कार्य करने और छात्रों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने की अपील की.
विद्यालयों के नियमित निरीक्षण के दिए निर्देश
जिलाधिकारी अमृषा बैंस ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकारी विद्यालयों का नियमित निरीक्षण किया जाए, ताकि शिक्षा विभाग की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके. उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है.
ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी संजीव कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता रतन परवेज, अंचलाधिकारी सर्वेश कुमार सिंह, बीडीओ मनोज कुमार सहित कई अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे.
ALSO READ: पटना-गया एनएच-22 पर घर पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें, मौत के बाद ग्रामीणों ने घंटों किया सड़क जाम
