अरवल. जिला स्तरीय नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन समाहरणालय परिसर स्थित इंडोर स्टेडियम में किया गया. मेले का उद्घाटन बीस सूत्री उपाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस अवसर पर कला एवं संस्कृति पदाधिकारी डॉ. सुनैना कुमारी, सहायक निदेशक दिव्यांगजन माला कुमारी तथा जिला नियोजन पदाधिकारी भावना सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे.
900 से अधिक युवाओं ने लिया रोजगार मेले में हिस्सा
जिला स्तरीय रोजगार मेले में जिले के 900 से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया. इनमें 765 अभ्यर्थियों ने विभिन्न कंपनियों में अपना बायोडाटा जमा किया. चयन प्रक्रिया के बाद 318 अभ्यर्थियों का कंपनियों द्वारा औपबंधिक (प्रोविजनल) चयन किया गया, जबकि अन्य अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया अगले चरण में जारी रहेगी.
विभिन्न विभागों ने लगाए मार्गदर्शन स्टॉल
मेले में डीआरसीसी, जिला उद्योग केंद्र, जन शिक्षण संस्थान, आत्मा और जीविका सहित कुल पांच विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए. इन स्टॉलों के माध्यम से युवाओं को सरकारी योजनाओं, कौशल विकास, स्वरोजगार और रोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया गया.
रोजगार और करियर मार्गदर्शन पर रहा विशेष जोर
जिला प्रशासन ने बताया कि रोजगार मेले का उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें करियर संबंधी उचित मार्गदर्शन देना है. कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला नियोजनालय कार्यालय के सभी अधिकारियों और कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
