अरवल के मेहंदिया बाजार में पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत, एक घंटे तक जाम रहा NH-139

Arwal Road Accident: अरवल के मेहंदिया बाजार में तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद परिजनों के आने तक ग्रामीणों ने करीब एक घंटे तक एनएच-139 जाम रखा, जिसे प्रशासन ने समझाकर हटवाया.

अरवल के कलेर से अंजनी कुमार का रिपोर्ट
Arwal Road Accident: अरवल के कलेर से अंजनी कुमार की रिपोर्ट के अनुसार, मेहंदिया बाजार स्थित एनएच-139 पर शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मेहंदिया थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव निवासी 36 वर्षीय पप्पू चौधरी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार, पप्पू चौधरी अपने ससुराल बलिदाद स्थित मलक्का गंज से काम निपटाकर वापस अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान मेहंदिया बाजार स्थित राज रेस्टोरेंट के समीप विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में बेहद जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयावह थी कि पप्पू चौधरी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

परिजनों के इंतजार में ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

इस भीषण दुर्घटना के तुरंत बाद पिकअप चालक अपने वाहन सहित मौके से फरार होने में सफल रहा. हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और राहगीर मौके पर जुट गए. आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों के पहुंचने तक शव को सड़क से नहीं उठाने की मांग रखी और विरोध प्रदर्शन करते हुए करीब एक घंटे तक एनएच-139 को पूरी तरह जाम कर दिया. चक्काजाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर छोटे-बड़े व्यावसायिक वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

प्रशासन ने दिया 20 हजार का पारिवारिक लाभ

एनएच जाम होने की सूचना मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार, अंचलाधिकारी सर्वेश कुमार सिंह, मेहंदिया थाना अध्यक्ष मनोरंजन कुमार तथा कलेर थाना अध्यक्ष अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. प्रशासनिक अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम को शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त कराया और यातायात सामान्य कराया. प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार की दयनीय स्थिति को देखते हुए सरकारी प्रावधान के तहत मृतक के आश्रित को तत्काल 20 हजार रुपये की पारिवारिक लाभ सहायता राशि चेक के माध्यम से उपलब्ध करा दी गई है.

एकमात्र कमाऊ सदस्य की मौत से परिवार पर संकट

पप्पू चौधरी ही अपने पूरे परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे, क्योंकि उनके पिता का निधन भी लगभग 10 वर्ष पूर्व हो चुका था. वे अपने पीछे दो मासूम बेटियां और एक बेटे सहित तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं. इस हादसे के बाद असहाय परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट और बच्चों के पालन-पोषण की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है. मेहंदिया थाना अध्यक्ष मनोरंजन कुमार ने बताया कि फरार पिकअप चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. उन्होंने लोगों से सड़क पर वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखने की भावुक अपील की है.

Also Read: अरवल: मुहर्रम को शांतिपूर्ण संपन्न कराने को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए निर्देश

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikas Jha

विकाश झा डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है. स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट, समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर उनकी विशेष पकड़ है. वे तथ्य आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >