Arwal News: (निशिकांत कि रिपोर्ट) अरवल जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार एवं जिला प्रोग्राम पदाधिकारी के मार्गदर्शन में महिला सशक्तिकरण कार्यालय द्वारा शनिवार को कलेर प्रखंड अंतर्गत प्लस टू उच्च विद्यालय, वलिदाद में “लैंगिक संवेदीकरण” विषय पर जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को लैंगिक समानता, आत्म-सुरक्षा, महिला अधिकारों एवं सामाजिक जागरूकता के प्रति संवेदनशील बनाना था.
गुड टच-बैड टच, साइबर सुरक्षा और महिला अधिकारों पर फोकस
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रोग्राम कार्यालय एवं महिला सशक्तिकरण कार्यालय के प्रतिनिधियों ने छात्राओं को लैंगिक समानता, भेदभाव उन्मूलन, गुड टच-बैड टच, साइबर सुरक्षा, मासिक धर्म स्वच्छता तथा करियर निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी. साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा महिलाओं और बालिकाओं के कल्याण हेतु संचालित योजनाओं की भी जानकारी साझा की गई.
सत्र में छात्राओं को शिक्षा के महत्व, आत्मविश्वास, आत्मरक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति प्रेरित किया गया. प्रश्नोत्तर सत्र में छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई और विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया.
कार्यक्रम के दौरान लैंगिक संवेदीकरण विषय पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया. इसमें कक्षा नवम की छात्रा खुशी कुमारी ने प्रथम स्थान, निभा कुमारी ने द्वितीय स्थान तथा मुस्कान कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. विजेता छात्राओं को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया.
“बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” पर भी बल
इसके अतिरिक्त “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के तहत सभी उपस्थित छात्राओं के बीच टी-शर्ट एवं टोपी का वितरण किया गया. कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को समान अवसर, सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरित किया गया.
ये लोग रहें उपस्थित
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, जिला महिला सशक्तिकरण कार्यालय की वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ कविता सिंह, वन स्टॉप सेंटर की मनोसामाजिक परामर्शी प्रिया कुमारी सहित अन्य कर्मी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं.
