अरवल में मिड डे मील के खाने में कीड़ा मिलने के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. घटना के बाद जिला पदाधिकारी के निर्देश पर संबंधित स्वयंसेवी संस्था के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की अनुशंसा की गयी है. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, मध्याह्न भोजन खुशबू कुमारी ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को पत्र भेजकर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.
अरवल में मिड डे मील में मिला था कीड़ा
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने पत्र में बताया है कि 18 अगस्त को स्वयंसेवी संस्था रॉयल मानव मित्र सेवा समिति की ओर से विद्यालयों को उपलब्ध कराये गये मध्याह्न भोजन में कीड़ा मिलने की सूचना मिली थी. इसकी जानकारी सबसे पहले जिला कार्यक्रम प्रबंधक, मध्याह्न भोजन योजना, अरवल ने दी थी.
जांच में हुई मिड डे मील में कीड़ा मिलने की पुष्टि
मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, अरवल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, मध्याह्न भोजन योजना और अन्य संबंधित अधिकारियों की ओर से मामले की जांच की गयी. जांच के दौरान भोजन में कीड़ा मिलने की पुष्टि की गयी. इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने कार्रवाई का निर्णय लिया.
रॉयल मानव मित्र सेवा समिति पर लापरवाही का आरोप
पत्र के अनुसार, विद्यालयों को मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने वाली स्वयंसेवी संस्था रॉयल मानव मित्र सेवा समिति की ओर से बरती गयी कथित लापरवाही को लेकर कार्रवाई की जानी है. जिला पदाधिकारी ने संबंधित संस्था के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.
बीईओ को एफआईआर की कार्रवाई का निर्देश
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, अरवल को निर्देश दिया है कि संस्था की लापरवाही के लिए संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें. साथ ही की गयी कार्रवाई और उसके परिणाम से विभाग को अवगत कराने को कहा गया है.
बच्चों के भोजन की गुणवत्ता पर प्रशासन सख्त
मिड डे मील में कीड़ा मिलने की घटना के बाद प्रशासन ने बच्चों को उपलब्ध कराये जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर सख्ती दिखाई है. प्रशासन की कार्रवाई से स्पष्ट है कि विद्यालयों में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता में लापरवाही को गंभीरता से लिया जा रहा है.
