कुव्यवस्था. जलजमाव और दुर्गंध के बीच में रहते हैं ग्रामीण
गलियों में हमेशा बनी रहती है कीचड़मय स्थिति
बिजली के खंभे तथा तार की नहीं की गयी है व्यवस्था
अरवल : नगर पर्षद का वार्ड नंबर 19 के करीब रह रहे 4000 लोगों को जलजमाव की समस्या से परेशानी का सामना करना पड़ता है. वार्ड क्षेत्र के अनेक स्थानों पर गड्ढे में पानी के जमाव के कारण दुर्गंध के वातावरण में रहने को विवश हैं. घरों में पानी की निकासी के लिए पक्की नाली का निर्माण नहीं होने के कारण गलियों में हमेशा कीचड़ रहता है. इस कारण लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है. इस वार्ड में मुरादपुर हुजरा व मुरादपुर चौकी नामक दो मोहल्ला अवस्थित है. अधिकांश गली और नाली का पक्कीकरण नहीं कराया गया है. सभी घरों में बिजली पहुंचाने के लिए अभी तक व्यापक तौर पर बिजली का खंभा और तार की व्यवस्था नहीं की गयी है. जिसके कारण बिजली भी सभी घरों में नहीं है.
वार्ड क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगायी गयी है, लेकिन खराब होने के कारण उसका लाभ लोगों को नहीं मिल रहा है. सार्वजनिक शौचालय का निर्माण भी नहीं कराया गया है इस कारण अधिकांश लोग बाहर शौच के लिए जाते हैं. एक मात्र प्राथमिक विद्यालय, मध्य विद्यालय के प्रांगण में संचालित किया जा रहा है. इसके लिए वार्डवासियों ने जमीन की उपलब्धता को बताते हुए जिला पदाधिकारी को आवेदन भी दिया है, लेकिन इस दिशा में अभी तक कारगर कदम नहीं उठाये जाने को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है. वार्ड क्षेत्र में एक मात्र आंगनबाड़ी केंद्र भी भवन के अभाव में सामुदायिक भवन में संचालित किया जा रहा है. वार्ड क्षेत्र में एक भी चापाकल सार्वजनिक स्थानों पर नहीं लगाया गया है. वहीं बिजली बिल में गड़बड़ी होने के कारण लोगों में आक्रोश व्याप्त है.
हल्की बारिश से ही हुआ जलजमाव: जिले क्षेत्र में हुई हल्की बारिश से जिले क्षेत्र के मुख्यालय अवस्थित अरवल-जहानाबाद मोड़ के पास जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गयी. जिससे राहगीरों व स्कूली बच्चों को आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. जिले खेत्र के भदासी, फखरपुर, जलपुरा, बख्तारी पथ, पुरानी अरवल से बैदराबाद सहित अन्य पथ गड्ढे में तब्दील हो गये हैं. जिससे वाहन तो दूर लोगों को पैदल चलने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
वहीं बारिश होने से किसानों के चेहरे खिले हुए हैं तथा सभी अपने खेती कार्य में लगे हुए हैं.
क्या कहते हैं वार्ड पार्षद
जनता की समस्या को दूर किय जा सके इसके लिए प्रयासरत हूं. इसके लिए नप की बैठक में आवाज भी उठायी गयी है. राशि उपलब्ध होते ही समस्या का समाधान बारी-बारी से किया जायेगा.
कमला देवी
क्या कहते हैं लोग
वार्ड क्षेत्र में जलजमाव से लोग त्रस्त हैं. इसका स्थायी समाधान होना चाहिए. जलजमाव से बीमारी फैलने की भी आशंका बरकरार है.
पारस चौधरी
सभी गलियों में सार्वजनिक लाइट की व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे की लोग आसानी से आ-जा सके.
दीपक कुमार
सभी मोहल्लों में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण होना चाहिए.
सुबेदा खातून
सभी नाली और गली का पक्कीकरण होना चाहिए, ताकि लोगों को कीचड़मय स्थिति का सामना नहीं करना पड़े.
लक्ष्मण लाल
