Bhojpuri News : भोजपुर जिले के इमादपुर थाना क्षेत्र के विशनपुरा गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई. बुधवार सुबह सदर अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में उसने अंतिम सांस ली. घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है. पुलिस ने मामले में दो महिलाओं समेत पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
रविवार रात हुई थी मारपीट
मृतक की पहचान विशनपुरा गांव निवासी स्वर्गीय वंशी महतो के 35 वर्षीय पुत्र कृष्णा महतो के रूप में हुई है. वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था. परिजनों के अनुसार, तीन धुर जमीन को लेकर पट्टीदारों से काफी दिनों से विवाद चल रहा था. आरोप है कि रविवार देर रात कृष्णा महतो को घर से बाहर खींचकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
इलाज के दौरान तोड़ा दम
घायल कृष्णा महतो को पहले तरारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया. बुधवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पोस्टमार्टम के दौरान शरीर पर पेट और दाहिने हाथ की बांह पर चोट के निशान पाए गए.
पांच लोगों से पूछताछ, आवेदन का इंतजार
इमादपुर थानाध्यक्ष सुनीत कुमार ने बताया कि मृतक की बेटी के बयान के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पक्ष के दो महिलाओं समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया है. उनसे पूछताछ की जा रही है. उन्होंने कहा कि अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से लिखित आवेदन नहीं मिला है. आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
कृष्णा महतो अपने पांच भाइयों और चार बहनों में सबसे छोटे थे. उनके परिवार में एक पुत्र लल्लू और एक पुत्री इंदु हैं. उनकी पत्नी का निधन करीब दस वर्ष पहले हो चुका था. अब उनकी मौत के बाद बच्चों के सिर से पिता का साया भी उठ गया है. घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल है.
