arrah news : जहर खाने से महिला की मौत, मायकेवालों ने लगाया हत्या का आरोप

arrah news : सहार थाना क्षेत्र के एकवारी गांव में शुक्रवार को जहर खाने से एक महिला की मौत हो गयी. घटना को लेकर लोगों के बीच अफरातफरी का आलम रहा

आरा. जिले के सहार थाना क्षेत्र के एकवारी गांव में शुक्रवार को जहर खाने से एक महिला की मौत हो गयी. घटना को लेकर लोगों के बीच अफरातफरी का आलम रहा. वहीं मृतका के परिजन द्वारा उसके पति एवं अन्य लोगों पर जहर देकर उसे मारने का आरोप लगाया गया है. जानकारी के अनुसार मृतका सहार थाना क्षेत्र के एकवारी गांव निवासी चरन्नी मुसहर उर्फ सत्य नारायण मुसहर की 35 वर्षीया पत्नी शीलाझारो देवी है. बताया जाता है कि शुक्रवार की सुबह दोनों पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद उसने जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गयी. इधर, गड़हनी थाना क्षेत्र के खरईचा गांव निवासी हरेराम मुसहर की पत्नी व मृतका की बहन मोतीझारो देवी द्वारा सहार थाने में उसके पति एवं उसके साथ रहे अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. दर्ज प्राथमिकी में मोतीझारो देवी द्वारा कहा गया है कि शुक्रवार की सुबह एकवारी गांव निवासी जटा मुसहर द्वारा फोन कर बोला गया कि आपकी बहन का तबीयत बहुत खराब है. आप लोग जल्दी आ जाइए. सूचना के बाद मोतीझारो देवी और उसका पति हरेराम मुसहर उसके घर एकवारी पहुंचे, तो देखा कि घर पर कोई नहीं है. इसके बाद उसी गांव में ब्याही उसकी मंझली बहन गीता देवी ने बताया कि शुक्रवार की सुबह दोनों पति-पत्नी ने आपस में बहस किया था. कुछ देर बाद शोरगुल की आवाज सुनकर जब गीता देवी शिलाझारो देवी के घर गयी, तो देखा कि वह खटिया पर लेटी है. उसके मुंह और नाक से झाग निकल रहा है. तभी उसके पति चरन्नी मुसहर उर्फ सत्य नारायण मुसहर द्वारा गीता देवी को जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया गया. खोजबीन के दौरान जब वे लोग शुक्रवार की शाम एकवारी गांव स्थित बधार में नहर के पास पहुंचे, तो देखा कि उसका शव वहीं खटिया पर पड़ा है, उसका पति चरन्नी मुसहर उर्फ सत्य नारायण मुसहर एवं उसके साथ रहे अन्य कुछ लोग वहां मौजूद थे. उन्हें देख पति व अन्य लोग वहां से भाग निकले. परिजन द्वारा इसकी सूचना स्थानीय थाने को दी गयी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया. जानकारी के अनुसार मृतका के पति चरन्नी मुसहर उर्फ सत्य नारायण मुसहर ने किसी अन्य महिला से दूसरी शादी कर ली थी, जिसको लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shailesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >