आरा: ट्रक चालक से मारपीट और नगदी छीनने के मामले में दो गिरफ्तार, कार जब्त

बिहिया नगर में ट्रक चालक के साथ मारपीट कर 22 हजार रुपये लूटने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कार भी जब्त की गई है. पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है.

Arrah News : बिहिया थाना क्षेत्र के बिहिया नगर स्थित जज बाजार में ट्रक चालक के साथ मारपीट कर नगदी छीनने के मामले में बिहिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक कार भी जब्त की है. मामले में अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुई कार्रवाई

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जगदीशपुर थाना क्षेत्र के हरदिया गांव निवासी वीरेंद्र कुमार और विमवां गांव निवासी प्रकाश सिंह के रूप में हुई है. दोनों के खिलाफ उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र के मरदही गांव निवासी ट्रक चालक गुड्डू यादव के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर अन्य आरोपितों की पहचान में जुटी है.

कार टकराने के बाद शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार ट्रक चालक रविवार रात बिहिया के व्यवसायियों का माल लेकर पहुंचा था और ओवरब्रिज के नीचे ट्रक खड़ा कर सो रहा था. सोमवार की अहले सुबह एक कार पर सवार चार से पांच लोग वहां पहुंचे. इस दौरान उनकी कार पहले से खड़े ट्रक से टकरा गई. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.

मारपीट कर 22 हजार रुपये छीने

आरोप है कि कार सवार लोगों ने ट्रक चालक की पिटाई कर उससे 22 हजार रुपये छीन लिए और फरार हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस ने चालक के आवेदन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया तथा कार जब्त कर ली. थानाध्यक्ष सुंदरेश्वर कुमार दास ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Shailendra kumar gupt

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >