आरा शहर के टाउन थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जहां बाईपास रोड स्थित सपना सिनेमा मोड़ के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने सवारियों से भरी बस में जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में बस चालक समेत करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग मदद के लिए दौड़ पड़े.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस छपरा से आरा की ओर आ रही थी और बबुरा के पास से सवारियां बैठाकर आगे बढ़ रही थी. इसी दौरान सपना सिनेमा मोड़ के समीप पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई.
चालक की हालत गंभीर, दो का सदर अस्पताल में इलाज
हादसे में बस चालक को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बस में सवार अन्य यात्रियों को भी चोट लगी है. घायलों में बड़हरा थाना क्षेत्र के सेमरा गांव निवासी तारकनाथ के 22 वर्षीय पुत्र रविंद्र कुमार और उसी गांव के अमावस राय के 23 वर्षीय पुत्र रमाशंकर राय शामिल हैं. दोनों घायलों को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज किया गया.
वहीं बस चालक समेत अन्य घायलों की हालत को देखते हुए परिजनों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज जारी है. चिकित्सकों के अनुसार कुछ लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.
पीछे से मारी टक्कर, यात्रियों ने बताई आपबीती
घायल रविंद्र कुमार ने बताया कि वह अपने दोस्त रमाशंकर राय के साथ छपरा से आ रही बस में बबुरा से सवार हुआ था और आरा जा रहा था. जैसे ही बस सपना सिनेमा मोड़ के पास पहुंची, पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे.
ट्रक जब्त, पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक थानाध्यक्ष नागेंद्र राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे के बाद कुछ देर तक बाईपास रोड पर यातायात भी प्रभावित रहा.
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा चालक की लापरवाही से हुआ या फिर ट्रक की रफ्तार और नियंत्रण खोने के कारण यह दुर्घटना हुई.
