Arrah News : बरसात के मौसम में तेज हवा के कारण शहर की दो प्रमुख सड़कों पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हो गया. पेड़ गिरने के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई लोगों को रास्ता बदलकर अपने गंतव्य तक जाना पड़ा. हालांकि, घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
रेड क्रॉस के पास पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति प्रभावित
रेड क्रॉस सोसाइटी के पास सुबह सड़क पर पेड़ गिरने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया. सड़क शहर की व्यस्ततम सड़कों में शामिल है और यहां प्रतिदिन हजारों वाहन व बाइक गुजरते हैं. पेड़ गिरने के साथ बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई. वीर कुंवर सिंह मैदान फीडर से जुड़े कई मोहल्लों में बिजली बाधित रहने से लोगों को परेशानी हुई.
सुबह बिजली नहीं रहने के कारण लोगों को मोटर चलाने में भी परेशानी हुई, जिससे कई इलाकों में पानी की समस्या उत्पन्न हो गयी. इसके अलावा बिजली पर निर्भर अन्य काम भी प्रभावित हुए.
जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के पास भी गिरा पेड़
वहीं, जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के पास भी बारिश और तेज हवा के कारण पेड़ सड़क पर गिर गया. इससे इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई. इस सड़क से बड़ी संख्या में वाहन और पैदल यात्री गुजरते हैं. कई क्षेत्रों की बसें भी इसी मार्ग से होकर गुजरती हैं. पेड़ गिरने के बाद लोगों को रास्ता बदलकर अपने गंतव्य तक जाना पड़ा.
बिजली विभाग ने बताया, आपूर्ति बहाल करने के लिए हटेगा हिस्सा
रेड क्रॉस के पास गिरे पेड़ को लेकर विद्युत कार्यपालक अभियंता ने बताया कि बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए विभाग द्वारा पेड़ के केवल उसी हिस्से को हटाया जाएगा, जिससे बिजली व्यवस्था सुचारु हो सके. उन्होंने बताया कि पेड़ के बाकी हिस्से को हटाने की जिम्मेदारी वन विभाग और नगर निगम की होगी.
