कुंभ स्पेशल ट्रेन की बोगी में धुआं भरने से यात्रियों में मचा हड़कंप

सायरन बजने व आग लगने की अफवाह के बीच यात्रियों ने छोड़ी ट्रेन

बिहिया.

दानापुर रेलमंडल के बिहिया रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को प्रयागराज से चलकर पटना तक जानेवाली कुंभ एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैलने पर सैकड़ों यात्री ट्रेन से कूदकर भाग निकले, जिससे स्टेशन पर हड़कंप मचा रहा. घटना के बाद काफी संख्या में भयभीत यात्रियों ने पुनः उक्त ट्रेन से सफर करने से इंकार कर दिया. बाद में वे दूसरी ट्रेन से अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए. घटना मंगलवार की सुबह लगभग 10 बजे की है. जानकारी के अनुसार प्रयागराज से पटना की तरफ जानेवाली डाउन कुंभ स्पेशल ट्रेन किसी कारणवश बिहिया स्टेशन पर आकर खड़ी हो गयी. इस दौरान रेल ट्रैक के किनारे कूड़े के ढेर में आग से निकलने वाला धुआं ट्रेन की बोगियों में घुसने लगा, जिससे सफर कर रहे यात्रियों को घुटन होने लगी. इसी क्रम में बोगी में लगा सायरन भी बजने लगा, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गयी और वे बोगी से कूदकर भाग निकले. ट्रेन के यात्री जब तक कुछ समझते तब तक ट्रेन स्टेशन से खुलकर पटना की ओर निकल गयी. जबकि वहीं कई यात्रियों ने जान बूझकर उक्त ट्रेन छोड़ दी. बाद में मौके पर पहुंचे आरपीएफ जवानों ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया तथा मामले की सूचना कंट्रोल को देकर ट्रेन को आरा में देखवा लेने का अनुरोध किया. इस दौरान रेल पुलिस व स्टेशन प्रबंधन द्वारा कूड़े में लगी आग को बुझाया गया तथा जाकर स्थिति शांत हो पायी. पूर्व में भी प्रभावित हो चुकी हैं ट्रेनें : बिहिया रेलवे स्टेशन के आसपास के क्षेत्रों में लोगों द्वारा कूड़ा फेंका जाना आम बात हो गयी है. रेल ट्रैक के पास कूड़ा फेंके जाने व उसमें आग लगने के कारण पूर्व में भी ट्रेनें प्रभावित होती रही हैं. बताया जाता है कि कूड़ा में आग लगा दिये जाने के कारण कुछ समय पहले रेलवे का केबल जल गया था, जिससे रेल परिचालन का सिस्टम बाधित हो गया था और उसे ठीक कराने में काफी समय लगा था. वहीं आरपीएफ एएसआइ गुड्डु कुमार ने बताया कि वैक्यूम में ट्रेन रुकने पर हमलोग तत्काल मौके पर पहुंचे, परंतु छानबीन करने पर बोगी में कुछ भी नहीं था. बताया कि मामले की सूचना कंट्रोल को दे दी गयी है. वहीं घटना के संबंध में पूछे जाने पर ऑनड्यूटी एसएस भड़क गये और इस संबंध में कोई भी बात करने से इंकार कर दिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >