बिहिया.
आरा-बक्सर एनएच 922 पर बिहिया थाना क्षेत्र के खरौनी गांव के समीप बुधवार की दोपहर में यात्रियों से भरी बस और तेल टैंकर की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गयी. टक्कर में दोनों ही वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गये. हालांकि गनीमत रही कि किसी भी यात्री या चालक को गंभीर चोटें नहीं आयीं, जिससे बड़ा हादसा होते-होते बच गया. जानकारी के अनुसार बक्सर से बिहिया होते हुए बोकारो जाने वाली महाराणा बस खरौनी गांव के समीप गलत लेन से जा रही थी. इसी बीच आरा से बक्सर की तरफ जा रहे तेल टैंकर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गयी, जिससे दोनों ही वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गये. घटना के बाद बस के सभी यात्री बस से उतर गये. हालांकि कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आने की बात बतायी जा रही है. घटना को लेकर तेल टैंकर और बस के चालक व खलासी आपस में उलझ पड़े, जिससे देर तक मौके पर भीड़ जमा रही. इस दौरान वाहनों की लंबी कतार लगी रही. बाद में सूचना पाकर एनएचआइ के कर्मी तथा बिहिया पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क से दोनों ही वाहनों को हटाया, तब जाकर यातायात सामान्य हो पाया. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
