कोईलवर.
थाना क्षेत्र के कुल्हड़िया गांव में बीते 24 नवंबर 2025 को जदयू नेत्री लीलावती उर्फ सोनम पटेल पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में कोईलवर पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक और आरोपित को धर दबोचा है.आरोपित की पहचान बिट्टू कुमार सिंह के रूप में हुई है. वह कुल्हड़िया गांव निवासी स्वर्गीय चंद्रमणि सिंह का पुत्र बताया जा रहा है. थानाध्यक्ष नरोत्तम चंद्र ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी को लेकर एक सप्ताह पूर्व उसके घर पर इश्तिहार चिपकाया गया था. इसके बावजूद वह फरार चल रहा था. इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर छापेमारी कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध विधि-सम्मत कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में अन्य फरार आरोपितों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
