अपनी शादी का बाजार करने जा रहे स्कूटी सवार युवक को ट्रैक्टर ने रौंदा, मौत

सिर पर शादी का सेहरा सजने से पहले ही उठ गयी अर्थी, 25 को तिलक और 29 को थी बारात

आरा.

आरा-सासाराम स्टेट हाइवे पर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के जीरो माइल स्थित पावर ग्रिड के समीप बेलगाम ट्रैक्टर ने अपनी ही शादी का मार्केटिंग करने आये स्कूटी सवार युवक को रौंद दिया. हादसे में उसकी मौत हो गयी. इलाज के लिए सदर अस्पताल लाने के दौरान उसने दम तोड़ दिया. घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी का आलम रहा.

घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़ मौके से फरार हो गया. सूचना पाकर स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया. जानकारी के अनुसार मृतक चांदी थाना क्षेत्र के सुंदरा गांव निवासी अरुण उपाध्याय का 22 वर्षीय पुत्र आदित्य उपाध्याय है. वह बालू घाट पर काम करता था. इधर, मृतक के चाचा ने बताया कि वह गुरुवार की दोपहर स्कूटी से अपनी ही शादी का मार्केटिंग करने के लिए आरा आया था. उसी दौरान जीरो माइल स्थित पावर ग्रिड के समीप बेलगाम ट्रैक्टर ने उसे रौंद दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना पाकर परिजन अस्पताल पहुंचे और बिना पोस्टमार्टम कराये ही शव को वापस गांव ले गये.

शादी की खुशी का माहौल मातम में बदला

बताया जाता है कि आदित्य की शादी पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के अमरहा गांव में तय हुई थी. इसी माह के 25 को तिलक एवं 29 को बारात थी. जहां एक तरफ उसकी शादी को लेकर घर में मंगल गीत गाए जा रहे थे. वहीं, उसकी मौत की खबर मिलते ही घर में रोने-धोने की आवाजें सुनाई देने लगी. देखते-ही- देखते शादी का माहौल मातम में तब्दील हो गया. उसके सिर पर सेहरा सजने से पहले ही अर्थी उठ गयी. बताया जाता है कि मृतक अपने दो भाई व एक बहन में बड़ा था. उसके परिवार में मां नीतू देवी व एक भाई आशीष एवं एक बहन जया देवी है. मृतक के पिता अरुण उपाध्याय की 10 माह पूर्व हृदय गति रुकने के कारण मौत हो गयी थी. घटना के बाद मृतक के घर में हाहाकार मच गया है. उसकी मां नीतू देवी सहित परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEVENDRA DUBEY

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >