Shiva temples Arrah: सावन की दूसरी सोमवारी को लेकर भगवान शिव के भक्तों में खासा उत्साह है. वातावरण भगवान शिव की भक्ति से सराबोर हो चुका है. इसे देखते हुए नगर सहित जिले के शिव मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है. वहीं मंदिरों की साफ-सफाई भी बेहतर तरीके से की जा रही है. मंदिरों में ध्वनि विस्तारक यंत्रों से भगवान शिव के भजन बजाए जा रहे हैं. इससे पूरा वातावरण शिवमय हो गया है. सनातन धर्मावलंबी भगवान शिव की भक्ति में सराबोर नजर आ रहे हैं.
श्रद्धालुओं ने शुरू की पूजा की तैयारी
भगवान शिव के भक्तों द्वारा 10 अगस्त सोमवार को पूजा-पाठ को लेकर तैयारी की जा रही है. श्रद्धालु बाजारों में पहुंचकर पूजा सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं, ताकि सोमवार की सुबह किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.
अभिषेक और पंचामृत के लिए खरीदी जा रही सामग्री
श्रद्धालु भगवान शिव के अभिषेक और पंचामृत के लिए जरूरी सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं. इसमें गंगाजल और शुद्ध जल, गाय का कच्चा दूध, दही, शहद, देसी घी, शक्कर, फूल और पत्र, बिना कटा-फटा बेलपत्र और धतूरा शामिल हैं. इसके अलावा श्रृंगार एवं पूजन सामग्री के रूप में सफेद चंदन, अक्षत, दीपक, रुई की बाती, देसी घी, तिल का तेल, धूप या अगरबत्ती, कपूर, केला, सेब आदि फल, पान, सुपारी, लौंग, इलायची, मिष्ठान या बताशे और नारियल की भी खरीदारी की जा रही है.
खरीदारी को लेकर बाजारों में बढ़ी भीड़
सावन की दूसरी सोमवारी को लेकर पूजा सामग्री की खरीदारी के लिए बाजारों में काफी भीड़ हो रही है. लोग संबंधित दुकानों पर पहुंचकर पूजा सामग्री खरीद रहे हैं. इसके कारण सड़कों पर वाहनों की भीड़ की स्थिति बनी हुई है. पैदल खरीदारी करने वालों की भी बड़ी संख्या बाजारों में पहुंच रही है. इससे शहर के विभिन्न हिस्सों में हर तरफ भीड़ का नजारा दिखाई दे रहा है.
