Arrah News : आरा बिहार सरकार के जनकल्याणकारी अभियान 'सबका सम्मान, जीवन आसान' के तहत मंगलवार को भोजपुर जिले के सभी 14 प्रखंडों में सहयोग शिविर आयोजित किए गए. शिविरों में अधिकारियों की टीम ने लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया. अन्य मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए.
दौलतपुर पंचायत में डीएम ने सुनीं शिकायतें
आरा प्रखंड की दौलतपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने आम नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें सुनकर उनके त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील निष्पादन के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए.
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन दिए. जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविरों का उद्देश्य लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है.
33 हजार आवेदनों के निष्पादन का दावा
जिलाधिकारी ने बताया कि भोजपुर जिले में अब तक सहयोग शिविरों के माध्यम से लगभग 33 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन किया गया है. उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की.
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का शीघ्र डिजिटाइजेशन कर समयबद्ध एवं संवेदनशील तरीके से उनका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. इस दौरान डीएम ने कुछ आवेदनों का मौके पर ही निस्तारण कर लाभार्थियों को तत्काल राहत भी प्रदान की.
लाभुकों को वितरित किए स्वीकृति पत्र
शिविर के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र, श्रम कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड सहित अन्य योजनाओं से संबंधित स्वीकृति पत्र और दस्तावेज वितरित किए गए. कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
