आरा शहर में सड़क एवं नाला निर्माण में तीन विभाग की सहभागिता होती है. इनमें बुडको, निर्माण विभाग एवं नगर निगम शामिल हैं. इन तीनों में आपसी तालमेल नहीं होने के कारण नाला निर्माण एवं सड़क निर्माण की स्थिति काफी दयनीय हो रही है. ऐसे में कहीं सड़क नीचे है तो कहीं नाला नीचे है.इस कारण कई जगह सड़क पर लगातार जल जमाव रह रहा है. इससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है.
तालमेल नहीं होने से एलाइनमेंट में होती गड़बड़ी
तीनों विभागों में तालमेल नहीं होने के कारण एलाइनमेंट सही नहीं हो पाता है. इस कारण कई तरह की परेशानी लोगों को झेलनी पड़ती है. एलाइनमेंट सही नहीं होने से सड़के भी ठीक नहीं होती है एवं नाला भी ठीक नहीं हो पाता है.
निर्माण की गुणवत्ता पर भी पड़ता है असर
जानकारों का कहना है कि इन विभागों में तालमेल सही हो तो नाला एवं सड़क के निर्माण के दौरान इनकी ऊंचाई और दूसरे भी अवयव ठीक रहेंगे ऐसे में सड़क का पानी आसानी से नाले में पहुंच जाएगा तथा नाले का पानी भी निकलने में दिक्कत नहीं होगी. इससे लोगों को काफी सुविधा होगी.
नाले तक नहीं जाता पानी, टूट जाती है सड़क
नगर में कई जगह स्थिति ऐसी है कि सड़क का पानी नाले में नहीं पहुंच पाता है.इससे सड़क के बीचो-बीच जल जमाव की स्थिति बनी रहती है. वर्षा होने के तीन से चार दिनों तक यही स्थिति रहती है. ऐसे में ही यातायात में काफी परेशानी होती है.मजबूरी में लोगों को नाले के पानी के बीच से होकर आना जाना पड़ता है. समय पर लगातार पानी जमा रहने के कारण सड़कें टूट जा रही हैं. ऐसे में सड़क का दोबारा निर्माण करने में काफी राशि खर्च हो रही है,जो नहीं होना चाहिए था.जनता की गाड़ी कमाई की राशि अधिकारियों एवं विभागों की लापरवाही के कारण बर्बाद हो रही है.
