Arrah PNG Gas Connection : भोजपुर के आरा नगर में पीएनजी रसोई गैस कनेक्शन को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है. लोगों का आरोप है कि आवेदन करने के बावजूद उन्हें अब तक कनेक्शन नहीं मिला है, जबकि अधिकारियों के घरों में पीएनजी कनेक्शन दिए जा रहे हैं. इससे सामान्य उपभोक्ता निराश हैं और जल्द कनेक्शन देने की मांग कर रहे हैं.
PNG गैस कनेक्शन को लेकर बढ़ी नाराजगी
जानकारी अनुसार आरा नगर में केवल अधिकारियों को ही पीएनजी रसोई गैस कनेक्शन दिए जाने का आरोप लगाया जा रहा है. उपभोक्ताओं का कहना है कि प्रशासन का यह रवैया सरकार की नीतियों से मेल नहीं खा रहा है. प्रशासन अपनी सुविधा पर ध्यान दे रहा है, जबकि नगरवासियों की सुविधा की अनदेखी की जा रही है. काफी लोगों ने पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन किया है, लेकिन उन्हें अब तक कनेक्शन नहीं मिला है.
सरकार के उद्देश्य पर नहीं हो रहा अमल
सरकार लगातार लोगों को पीएनजी रसोई गैस कनेक्शन लेने के लिए प्रेरित कर रही है. प्रशासन भी गैस सिलेंडर की जगह पीएनजी कनेक्शन अपनाने की बात कह रहा है. इसके बावजूद आरा नगर में आवेदन करने वाले उपभोक्ताओं को कनेक्शन नहीं मिलने से लोगों में निराशा बढ़ रही है. एक महीने से अधिक समय पहले आवेदन करने वाले कई उपभोक्ता अब भी इंतजार कर रहे हैं.
3000 से अधिक लोगों ने किया है आवेदन
आरा नगर में पीएनजी गैस कनेक्शन के लिए 3000 से अधिक लोगों ने आवेदन किया है. इनमें ऐसे उपभोक्ता भी शामिल हैं, जिनके मोहल्लों में पिछले दो से तीन वर्षों से पीएनजी पाइपलाइन के माध्यम से गैस की आपूर्ति की जा रही है. इसके बावजूद वर्तमान में नए कनेक्शन नहीं दिए जा रहे हैं.
अधिकारियों के घरों में मिल रहा है कनेक्शन
उपभोक्ताओं का कहना है कि केवल अधिकारियों के घरों में ही पीएनजी कनेक्शन दिए जा रहे हैं. सामान्य उपभोक्ताओं के लिए यह सुविधा सपना बनती जा रही है. जिन मोहल्लों में पहले से पीएनजी पाइपलाइन बिछी हुई है, वहां भी नए कनेक्शन नहीं दिए जा रहे हैं. जिन घरों के पास तक पाइपलाइन पहुंच चुकी है, वहां भी उपभोक्ता कनेक्शन का इंतजार कर रहे हैं.
गैस सिलेंडर मिलने में भी हो रही परेशानी
उपभोक्ताओं का कहना है कि 30 दिन के बाद ही गैस सिलेंडर मिल रहा है. यदि यही स्थिति बनी रही तो लोगों को भोजन बनाने में परेशानी होगी और होटल पर निर्भर होना पड़ सकता है.
1500 रुपये में बिक रहे हैं सिलेंडर
लोगों का कहना है कि अधिकृत उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर मिलने में परेशानी हो रही है. वहीं कालाबाजारी में 1500 रुपये में सिलेंडर बेचे जा रहे हैं. मजबूरी में कई अधिकृत उपभोक्ता भी कालाबाजारी से सिलेंडर खरीदने को विवश हो रहे हैं.
शिकायत के बाद भी नहीं हो रही सुनवाई
उपभोक्ताओं का कहना है कि प्रशासन से शिकायत करने के बाद भी उनकी सुनवाई नहीं हो रही है. लोगों की मांग है कि सरकार या तो समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए या फिर जल्द से जल्द पीएनजी गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए.
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने क्या कहा?
जिला आपूर्ति पदाधिकारी विनय कुमार ने कहा कि पीएनजी कनेक्शन दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि अभी अधिकारियों के घरों में पीएनजी कनेक्शन दिया जा रहा है. जिन मोहल्लों में पहले से पाइपलाइन बिछी हुई है, वहां कनेक्शन देने में परेशानी क्यों हो रही है, इस संबंध में कनेक्शन देने वाली एजेंसी को जानकारी दी जाएगी.
Also Read : भोजपुर में जमीन विवाद में मर्डर, 34 वर्षीय युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, अस्पताल ले जाने के दौरान गई जान
