अमृत भारत स्टेशन योजना की रफ्तार धीमी, आरा और बिहिया स्टेशन पर दो साल बाद भी 10% काम नहीं

Arrah News : भोजपुर जिले के आरा और बिहिया रेलवे स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिकीकरण दो साल बाद भी अपेक्षित गति नहीं पकड़ सका है. स्थानीय लोगों में निर्माण की धीमी रफ्तार को लेकर निराशा है, जबकि दोनों स्टेशनों पर करोड़ों की लागत से विकास कार्य होने हैं.

Arrah News : भोजपुर जिले के आरा रेलवे स्टेशन और बिहिया रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक स्वरूप देने की घोषणा के करीब दो वर्ष बाद भी निर्माण कार्य अपेक्षित गति नहीं पकड़ सका है. स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों स्टेशनों पर अब तक 10 प्रतिशत कार्य भी पूरा नहीं हो पाया है, जिससे यात्रियों में निराशा बढ़ रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 6 अगस्त 2023 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के अमृत भारत स्टेशनों के विकास कार्यों का शिलान्यास किया था. इस दौरान उन्होंने कहा था कि भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और भारतीय रेलवे के इतिहास में एक नए अध्याय की शुरुआत हो रही है. उन्होंने अपने संबोधन में कहा था कि पिछले नौ वर्षों में भारत में जितना रेल ट्रैक बिछाया गया है, वह दक्षिण अफ्रीका, यूक्रेन, पोलैंड, यूनाइटेड किंगडम और स्वीडन जैसे देशों के कुल रेल नेटवर्क से भी अधिक है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि वर्ष 2030 तक भारतीय रेलवे को नेट-जीरो कार्बन उत्सर्जन वाला नेटवर्क बनाने का लक्ष्य रखा गया है.

आरा जंक्शन पर 52 करोड़ रुपये से होगा पुनर्विकास

योजना के तहत आरा जंक्शन के पुनर्विकास पर लगभग 52 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इसके अंतर्गत स्टेशन भवन का आधुनिकीकरण, सर्कुलेटिंग एरिया का विकास, प्लेटफॉर्म पर यात्री सुविधाओं का विस्तार तथा अन्य आधारभूत संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा.

बिहिया स्टेशन पर 23 करोड़ रुपये की लागत से होगा उन्नयन

बिहिया रेलवे स्टेशन के विकास के लिए करीब 23 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं. योजना के तहत नया स्टेशन भवन, एस्केलेटर युक्त फुट ओवरब्रिज, पार्किंग, पार्क और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी.

यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों पर लिफ्ट, एस्केलेटर, आधुनिक शौचालय, नि:शुल्क वाई-फाई, स्थानीय उत्पादों के लिए कियोस्क, बेहतर प्रतीक्षालय, डिजिटल सूचना प्रणाली और यात्रियों की सुविधा के अनुरूप आधुनिक व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी. इसके अलावा स्टेशन परिसर में सेंसर आधारित प्रवेश और निकास द्वार लगाए जाएंगे, जो यात्रियों के आने-जाने पर स्वत: खुलेंगे और बंद होंगे. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रवेश और निकास बिंदुओं पर जांच की भी व्यवस्था की जाएगी.

स्टेशन को बनाया जाएगा सिटी सेंटर

अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को शहर के दोनों छोरों से जोड़ते हुए सिटी सेंटर के रूप में विकसित करना है. इसके लिए मास्टर प्लान तैयार किया गया है, जिसमें स्टेशन परिसर का सौंदर्यीकरण, लैंडस्केपिंग, स्थानीय कला एवं संस्कृति को बढ़ावा देने तथा बेहतर यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.

विकास कार्यों को लेकर केंद्रीय मंत्री ने जताया भरोसा

पूर्व केंद्रीय मंत्री आर.के. सिंह ने कहा कि आरा रेलवे स्टेशन सहित जिले के विकास में लगातार नए आयाम जोड़े जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली और अन्य क्षेत्रों में व्यापक विकास कार्य हुए हैं तथा शेष परियोजनाओं को भी चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा, ताकि जिले के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें. हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि शिलान्यास के लगभग दो वर्ष बाद भी दोनों स्टेशनों पर निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है. लोगों ने रेलवे प्रशासन से कार्य में तेजी लाकर निर्धारित समय सीमा में परियोजना पूरी करने की मांग की है.

Also Read : बिलौटी एनकाउंटर की न्यायिक जांच में तीसरे दिन दर्ज हुए बयान, मृतक के भाई ने कार्रवाई पर जताई नाराजगी



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Narendra Prasad Sin

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >