Arrah News : पटना–आरा–सासाराम ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे परियोजना के निर्माण को लेकर भोजपुर जिले के कोईलवर अंचल के कोसीहांन मौजा में एलाइनमेंट मैपिंग का कार्य लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा. परियोजना को गति देने के उद्देश्य से संबंधित एजेंसियों ने भूमि सीमांकन और तकनीकी प्रक्रियाओं को तेज कर दिया है.
जमीन का सीमांकन तेज, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
एनएचएआई के प्रबंधक मानवेन्द्र राठौर ने बताया कि एक्सप्रेसवे निर्माण को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए प्रस्तावित मार्ग की एलाइनमेंट मैपिंग करायी जा रही है. इस प्रक्रिया के तहत सड़क की निर्धारित रेखा का चिन्हांकन किया जा रहा है, ताकि आगे भूमि अधिग्रहण और निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए.
मशीनों से हटाए जा रहे अवरोध
उन्होंने बताया कि मैपिंग के दौरान जहां छोटे-मोटे अवरोध सामने आ रहे हैं, उन्हें मशीनों की सहायता से हटाकर जमीन को समतल किया जा रहा है. इससे निर्माण कार्य को समय पर शुरू करने में सुविधा मिलेगी और परियोजना की गति बनी रहेगी.
पुलिस निगरानी में हुआ कार्य
कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए चांदी थानाध्यक्ष राकेश कुमार रौशन पुलिस बल के साथ पूरे समय मौजूद रहे. प्रशासन की निगरानी में एलाइनमेंट मैपिंग का कार्य शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया गया.
समयबद्ध तरीके से पूरी होगी परियोजना
परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा किया जा रहा है, ताकि पटना–आरा–सासाराम ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर आगे बढ़ सके. मौके पर राजस्व कर्मचारी संतोष सिंह भी उपस्थित रहे.
