10 दिन पूर्व आग से झुलसी बुजुर्ग महिला की इलाज के दौरान मौत
नारायणपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में 10 दिन पूर्व हुई थी घटना
By DEVENDRA DUBEY | Updated at :
आरा.
नारायणपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में 10 दिन पूर्व आग से झुलसी बुजुर्ग महिला की मौत हो गयी. इलाज के दौरान सदर अस्पताल के बर्न वार्ड में सोमवार की सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया. जानकारी के अनुसार मृतका नारायणपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी स्व. राजनाथ साह की 90 वर्षीया पत्नी तेतरा देवी है. इधर, मृतका के बेटे शिवजी साह ने बताया कि वे लोग गुजरात में रहते हैं. 10 दिन पूर्व घर में वह बोरसी पर अलाव सेक रही थीं. उसी दौरान उनकी साड़ी आग की चपेट में आ गयी थी, जिससे वह बुरी तरह झुलस गयी थीं. परिजन द्वारा गांव पर ही ग्रामीण चिकित्सक के द्वारा उनका इलाज कराया जा रहा था. रविवार को हालत में जब कोई सुधार नहीं हुआ, तो उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान सदर अस्पताल के बर्न वार्ड में सोमवार की सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया. परिजन बिना पोस्टमार्टम कराये ही शव को वापस गांव ले गये. बताया जाता है कि मृतका को दो पुत्रियां ज्ञानति देवी व उर्मिला देवी हैं, जबकि दो पुत्र शिवजी साह एवं शंकर साह हैं. घटना के बाद मृतका के घर में कोहराम मच गया है. उनके परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.