Manchurian Death: हसनबाजार ओपी अंतर्गत हसनबाजार कस्बे में मंचूरियन खाने से दादी-पोती की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है. मृतका काव्या कुमारी के पिता कुंदन कुमार ने मंचूरियन में जानबूझकर जहरीला पदार्थ मिलाने का आरोप लगाते हुए अपने ममेरे भाई रीतेश कुमार के खिलाफ हसनबाजार ओपी में प्राथमिकी दर्ज करायी है.
बाजार से मंचूरियन खरीदकर देने का आरोप
दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि जगन्नाथपुर, धुर्वा (रांची) निवासी रीतेश कुमार, जो वादी कुंदन कुमार का ममेरा भाई है, ने बाजार से मंचूरियन खरीदकर उनकी मां चंद्रावती देवी और बेटी काव्या कुमारी को दिया था.
कुंदन कुमार के अनुसार रीतेश ने जानबूझकर मंचूरियन में जहरीला पदार्थ मिला दिया था, ताकि उनकी मां बेहोश हो जाएं और वह घर के कीमती सामान पर हाथ साफ कर सके. हालांकि, ये आरोप प्राथमिकी में लगाये गये हैं और पुलिस जांच के बाद ही इसकी वास्तविकता स्पष्ट होगी.
पुलिस ने शुरू की नये सिरे से छानबीन
कुंदन कुमार द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराये जाने के बाद हसनबाजार पुलिस ने मामले की नये सिरे से छानबीन शुरू कर दी है. कुंदन कुमार का कहना है कि उन्होंने रीतेश कुमार को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था, लेकिन पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया.
इधर, मृत बच्ची के पिता द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराये जाने के बाद पुलिस ने अनुसंधान तेज कर दिया है. हसनबाजार थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की तहकीकात शुरू कर दी गयी है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार कर रही है.
