अंचल कार्यालय कोईलवर में शुक्रवार को अंचलाधिकारी (सीओ) उदय प्रताप सिंह एवं राजस्व पदाधिकारी राजभूषण सिंह ने संयुक्त रूप से 10 भूमिहीन परिवारों के बीच वासगीत पर्चे का वितरण किया.
इस अवसर पर जिन सुपात्र लाभुकों को वासगीत पर्चा प्रदान किया गया, उनमें गुंडी गांव की शोभा देवी, जलपुरा की कविता देवी, फूलवंती देवी, हेवंती देवी, बहियारा की सुलखनी देवी, धनवंती देवी, प्रतिभा देवी, संजू देवी तथा जहनपुर गांव के लाल साहब राम और जगनारायण राम शामिल हैं.
लाभुकों ने जताया प्रशासन का आभार
लंबे समय के इंतजार के बाद वासगीत पर्चा प्राप्त करने वाले लाभुकों ने सरकार और अंचल प्रशासन के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया. लाभुकों ने खुशी जताते हुए कहा कि अब उन्हें भी अपनी भूमि पर कानूनी अधिकार मिल गया है, जिससे वे अपने परिवार के साथ निश्चिंत होकर रह सकेंगे.
भूमिहीनों को सशक्त बनाना सरकार का मुख्य उद्देश्य: CO
इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े भूमिहीन परिवारों को आवासीय भूमि का अधिकार दिलाकर उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है.
सीओ उदय प्रताप सिंह ने बताया कि वासगीत पर्चा मिलने से लाभुकों को अपने मकान व भूमि पर वैधानिक अधिकार प्राप्त होगा. इसके साथ ही भविष्य में प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में भी उन्हें काफी आसानी होगी.
उन्होंने आगे बताया कि अंचल कार्यालय द्वारा लगातार योग्य एवं पात्र भूमिहीन परिवारों की पहचान कर नियमानुसार वासगीत पर्चा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है. सीओ ने अन्य बचे हुए पात्र लाभुकों से भी आवश्यक दस्तावेजों के साथ अंचल कार्यालय में आवेदन करने की अपील की.
Also Read : गया जी में छात्रों के प्रदर्शन से यातायात प्रभावित, सड़क पर उतरे SSP और SP, बिहार बंद का दिखा असर
