स्काॅर्पियो ने बाइक सवार ससुर-दामाद को रौंदा, ससुर की मौत

गड़हनी थाना क्षेत्र के अगिआंव चौक के समीप बुधवार की सुबह हुई घटना

आरा/अगिआंव.

आरा-अरवल मुख्य मार्ग पर गड़हनी थाना क्षेत्र के अगिआंव चौक के समीप बुधवार की सुबह बेलगाम स्काॅर्पियो ने बाइक सवार ससुर-दामाद को रौंद दिया. हादसे में बाइक पर पीछे बैठे ससुर की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. जबकि बाइक चला रहा दामाद गंभीर रूप से जख्मी हो गया. इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से जख्मी दामाद को इलाज के लिए आरा अस्पताल लाया गया. वहीं, घटना की सूचना पाकर परिजन आरा सदर अस्पताल पहुंचे. उधर घटना को लेकर आसपास के इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही. घटना के बाद चालक स्कॉर्पियो लेकर मौके से फरार हो गया. जानकारी के अनुसार मृतक उदवंतनगर थाना क्षेत्र के डिहरी गांव निवासी स्व.सिगासन साह के 45 वर्षीय पुत्र सुरेश साह है एवं पेशे से किसान थे. जबकि जख्मी युवक पवना थाना क्षेत्र के पवना गांव निवासी मेघनाथ साह का 23 वर्षीय पुत्र व मृतक का दामाद सोरिक साह है.

इधर मृतक के चचेरे भाई सुरेंद्र प्रसाद ने बताया कि मंगलवार को वह गड़हनी थाना क्षेत्र के सिकरिया गांव अपनी मझली बेटी पिंकी देवी के देवर धनंजय साह के तिलक समारोह में शामिल होने के लिए उसके ससुराल गये थे. बुधवार की सुबह वह अपनी छोटी बेटी टिंकल के पति व अपने दामाद सोरिक साह के साथ बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे. उसी दौरान अगिआंव चौक के समीप विपरीत दिशा से आ रही स्काॅर्पियो ने उन्हें रौंद दिया, जिसमे उनके चचेरे भाई सुरेश साह की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. जबकि बाइक चला रहा उनका दामाद सोरिक साह गंभीर रूप से जख्मी हो गया. इसके बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों को आरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां जख्मी दामाद सोरिक साह का इलाज कराया जा रहा है. इसके पश्चात परिजनों ने इसकी सूचना सदर अस्पताल में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारी को दी. सूचना पाकर पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवाया. मृतक के परिवार में पत्नी कलावती देवी,तीन पुत्री रिंकू देवी, पिंकी देवी,टिंकल देवी व दो पुत्र धीरज कुमार एवं नीरज कुमार है. घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है. मृतक की पत्नी कलावती देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >