Arrah News : भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड अंतर्गत पश्चिमी गुंडी पंचायत के बभनगांव खेल मैदान में शनिवार को सरकारी नौकरी की बहाली की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के बीच कृष्णगढ़ थाना पुलिस ने प्रेरणादायी पहल की. कृष्णगढ़ थानाध्यक्ष रौशन कुमार एवं अपर थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने खेल मैदान पहुंचकर अभ्यर्थियों से मुलाकात की और उनकी तैयारियों का जायजा लिया.
सफलता के दिए मंत्र
इस दौरान दोनों पुलिस अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के साथ-साथ लिखित परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए. थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने कहा कि सरकारी नौकरी प्राप्त करने के लिए कठिन परिश्रम, अनुशासन, धैर्य और निरंतर अभ्यास सबसे महत्वपूर्ण है.
उन्होंने कहा कि शारीरिक दक्षता परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए अभ्यर्थी प्रतिदिन दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद तथा अन्य आवश्यक शारीरिक गतिविधियों का नियमित अभ्यास करें. साथ ही उन्होंने लिखित परीक्षा की तैयारी को भी समान महत्व देने की सलाह देते हुए कहा कि दोनों परीक्षाओं में संतुलित तैयारी ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करती है.
उन्होंने अभ्यर्थियों से समय का सदुपयोग करने, नशे एवं अन्य गलत आदतों से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर मेहनत से ही सफलता हासिल की जा सकती है.
अफवाहों से बचने की सलाह
अपर थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता. ईमानदारी, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और नियमित अभ्यास ही किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता दिला सकता है.
उन्होंने अभ्यर्थियों को सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक जानकारियों से बचने तथा केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करने की सलाह दी.
अभ्यर्थियों में बढ़ा आत्मविश्वास
इस दौरान दोनों अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से उनकी तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली. उनकी समस्याओं और जिज्ञासाओं को सुना तथा उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन दिया.
पुलिस अधिकारियों का उत्साहवर्धन और मार्गदर्शन पाकर अभ्यर्थियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार देखने को मिला. अभ्यर्थियों ने भी पुलिस अधिकारियों की इस पहल की सराहना करते हुए इसे अपने लिए प्रेरणादायी बताया.
