जिले के योग्य लाभुकों को हर हाल में दिलाएं सरकार की योजनाओं का लाभ : डीएम

डीएम ने बड़हरा के महादलित टोलों में संचालित योजनाओं किया निरीक्षण

आरा/उदवंतनगर.

जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने बुधवार को बड़हरा प्रखंड अंतर्गत फरना गांव के वार्ड नंबर 10 एवं 11 के महादलित टोलों में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत चल रहे लाभुक सर्वेक्षण कार्य, हर घर नल का जल योजना, हर घर तक पक्की नली गली एवं लोहिया स्वच्छ बिहार योजना अंतर्गत शौचालय एवं सामुदायिक शौचालय कार्य का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी योग्य लाभुक योजना के लाभ से वंचित नहीं रखना है. उन्होंने निदेशक, डीआरडीए को सर्वेक्षण प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष रखते हुए प्रत्येक पात्र लाभुक को समय पर आवास योजना का लाभ सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिया. साथ ही वरीय पदाधिकारी को इस कार्य का सतत अनुश्रवण करने का भी निर्देश दिया, ताकि योजना का क्रियान्वयन सुचारू रूप से हो सके. उन्होंने कार्यपालक अभियंता को अविलंब नल का जल सुचारू रूप से क्रियान्वित करने का निर्देश दिया. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, आरा सदर, निदेशक, डीआरडीए, जिला कृषि पदाधिकारी एवं अन्य मौजूद थे.वहीं, जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा जिले के विभिन्न प्रखंडों की 214 पंचायतों में स्थित अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति टोलों में आवास विहीन परिवारों का सर्वेक्षण करने हेतु विशेष जांच अभियान चलाया गया. इस अभियान के तहत उन परिवारों की पहचान की गयी. साथ ही स्थानीय निवासियों से फीडबैक लिया गया. वहीं, उदवंतनगर में बीडीओ कर्पूरी ठाकुर ने कसाप महादलित टोला का निरीक्षण किया तथा प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित योग्य लाभुकों का नाम सर्वेक्षण में छूट न जाये इसकी जांच की. बीडीओ ने बताया कि सरकार सभी योग्य लाभुकों को आवास देने के लिए सर्वेक्षण करा रही है. सरकार का फोकस है कि एक भी योग्य लाभुक का नाम न छूटे. महादलित समुदाय से आनेवाले योग्य लाभुकों नाम सर्वेक्षण सूची में अवश्य जुड़े. उन्होंने बताया कि सभी महादलित टोलों में जांच कर नाम जोड़ा जायेगा. बताते चलें की आगामी 31 मार्च तक आवास हेतु सर्वेक्षण का कार्य चलेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >