आरा: चरपोखरी के पसौर में विषैले सांप के काटने से किराना दुकानदार की मौत

चरपोखरी में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां घर में मच्छरदानी लगाकर सो रहे एक किराना दुकानदार को विषैले सांप ने काट लिया. झाड़-फूंक के चक्कर में कीमती समय बर्बाद हुआ, जिससे अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई.

Arrah News: भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र स्थित पसौर गांव में गुरुवार की देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ. घर में मच्छरदानी लगाकर सो रहे 51 वर्षीय किराना दुकानदार को विषैले सांप ने काट लिया, जिससे उनकी मौत हो गई. मृतक की पहचान पसौर गांव निवासी श्रीभगवान साह के पुत्र लवकुश कुमार गुप्ता के रूप में हुई है, जो गांव में ही किराना दुकान चलाते थे.

झाड़-फूंक में बीता समय, अस्पताल पहुंचते-पहुंचते मौत

मृतक के छोटे भाई मनीष कुमार ने बताया कि लवकुश रोजाना की तरह खाना खाकर कमरे में मच्छरदानी लगाकर बेड पर सोए हुए थे. देर रात विषैले सांप ने मच्छरदानी के बाहर से ही उन्हें डंस लिया. सांप काटने के बाद उनकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी. परिजन शुरुआत में सतर्कता बरतने के बजाय उन्हें गांव में ही एक ओझा के पास झाड़-फूंक कराने ले गए. जब हालत में सुधार नहीं हुआ और तबीयत ज्यादा नाजुक हो गई, तब परिजन उन्हें आरा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम

अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया. घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

परिवार के मुखिया थे लवकुश

लवकुश कुमार गुप्ता अपने तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़े थे और परिवार की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं पर थी. उनके परिवार में पत्नी मंजू देवी, दो बेटे आयुष कुमार व पीयूष कुमार और एक बेटी अमिका कुमारी हैं. घर के कमाऊ मुखिया की असामयिक मौत से परिजनों में हाहाकार मचा हुआ है. पत्नी मंजू देवी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Also Read: आरा: ओझा-गुणी के आरोप में बड़े भाई की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या, धनगाई के मिठहां में छोटे भाई पर लगा आरोप

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मोहम्मद वसीम

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >